
खुद के विकास में लगे रहे विपक्षी दलों के नेता : रविन्द्र जायसवाल
प्रदेश नेतृत्व से मिले दिशा निर्देश के बाद, भाजपा ने बुलाई चुनाव संचालन समिति की बैठक.बैठक को मंत्री व जनप्रतिनिधियों ने किया संबोधित.
वाराणसी : प्रदेश नेतृत्व से मिले दिशा निर्देश के मुताबिक स्थानीय भाजपा संगठन ने वाराणसी नगर निगम के सभी सौ वार्डो में जीत के लिए कार्ययोजना बनाई।इस निमित्त भाजपा के चुनाव संचालन समिति की बैठक जवाहर नगर स्थित केंद्रीय कार्यालय में सम्पन्न हुई।
बैठक में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार में बिना-भेदभाव के हुए विकास कार्यों का लाभ समाज के हर वर्ग और तबके तक पहुंचा है। उन्होंने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि जो लोग शासन सत्ता को अपनी जागीर समझते थे और जिनके शासन में योजनायें सिर्फ अपने और अपने परिवार के हितों को ध्यान में रखकर ही बनायी जाती थी। ऐसे दलों और उनके नेताओं को जनता लगातार सबक सिखा रही है। लगातार अलग-अलग गठबंधनों की बैशाखियों के सहारे सत्ता शिखर पर पहुंचने के इनके मंसूबों को जनता ध्वस्त कर रही है।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु ने कहा कि विपक्ष लगातार मिल रही हार के सदमे से उबर नहीं पा रहा है। इसलिए कभी चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाता है तो कभी झूठे आरोपों व मनगढ़ंत बातों के द्वारा जनता को भ्रमित करने की असफल कोशिशें करता है। विपक्ष यह समझ नहीं पा रहा है कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर बढ चुका है। जनता भी विपक्ष की मंशा को समझ गई है इसलिए नगरीय निकाय के चुनावों में भी भाजपा को विजय का आशीर्वाद देकर प्रदेश में कमल का फूल खिलाकर ट्रिपल इंजन वाली सरकार का मार्ग प्रशस्त करेगी।
विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रदेश में नगरीय निकाय के चुनाव में जनता के आशीर्वाद से भाजपा को प्रचंड जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार में हुए विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर पार्टी कार्यकर्ता जनता से सम्पर्क व संवाद स्थापित कर वोट की अपील करेंगे।
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जन-जन तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है। जनता का अटूट विश्वास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि 13 मई को प्रदेश में नगरीय निकाय के चुनाव में भी कमल का फूल खिलेगा।
महापौर पद के प्रत्याशी अशोक तिवारी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए काशी के सर्वांगीण विकास के अपने संकल्प को दोहराया।
केंद्रीय चुनाव कार्यालय के प्रभारी बने सतीश
भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि भाजपा की ओर से केंद्रीय चुनाव कार्यालय खोला गया है। इसके प्रभारी सतीश पांडेय को बनाया गया है। सतीश पांडेय चुनाव कार्यालय प्रबंधन में अनुभव रखते हैं। इसके पहले लोकसभा से लेकर विधानसभा चुनाव में भी वे चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने की और संचालन महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने किया।इस मौके पर अशोक चौरसिया,धर्मेंद्र सिंह, संजय राय, अशोक पाण्डेय, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, राकेश त्रिवेदी,नवीन कपूर, सतीश पांडेय, संतोष सोलापुरकर,प्रभात सिंह,अशोक राय, अशोक पटेल, नीरज जायसवाल, मधुप सिंह, ई.अशोक यादव, किशन कन्नौजिया, गीता शास्त्री, दिलीप साहनी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



