Sports

वाराणसी : प्रोफेशनल गोल्फ का रोमांच, 72 खिलाड़ी और 25 लाख की इनामी चुनौती

ऐतिहासिक नगरी वाराणसी में पहली बार डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन 16 से 18 जून 2026 तक BLW ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में किया जाएगा। 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर के 72 पेशेवर गोल्फर हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट के शीर्ष खिलाड़ी भी मैदान में उतरेंगे। यह आयोजन वाराणसी को राष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने के साथ युवाओं को गोल्फ के प्रति प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

वाराणसी : डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया यानी डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऐतिहासिक शहर वाराणसी में अपना पदार्पण करने जा रहा है। नेक्सजेन सीजन का छठा इवेंट 16 से 18 जून, 2026 तक बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में खेला जाएगा।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई का वाराणसी में यह पहला टूर्नामेंट होगा, जिसमें 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। यह इवेंट तीन राउंड यानी 54 होल्स में खेला जाएगा। दो राउंड यानी 36 होल्स के बाद कट लागू किया जाएगा। शीर्ष 36 खिलाड़ी और टाई में रहने वाले खिलाड़ी तीसरे और अंतिम राउंड में प्रवेश करेंगे।

टूर्नामेंट में कुल 72 खिलाड़ी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में सुनीत चौरसिया (2026 DP वर्ल्ड PGTI नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ़ मेरिट लीडर), राजेश कुमार गौतम, बिपिन मुखिया, अभिषेक कुमार, आदित्य राज सिंह चहल और विनय कुमार यादव के साथ-साथ 15 साल के अर्जुनवीर शिशिर शामिल हैं। वाराणसी के दो खिलाड़ी इमाम-उल-हक और हेमंत यादव भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष के नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट के विजेता को 2026 सीजन के लिए मुख्य टूर यानी डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में खेलने की छूट मिलेगी।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सीईओ श्री अमनदीप जोहल ने कहा, “डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन इवेंट को पहली बार वाराणसी लाना हमारे लिए गर्व का क्षण है। वाराणसी हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संसदीय क्षेत्र भी है। यह इवेंट पेशेवर गोल्फ को पारंपरिक केंद्रों से आगे ले जाकर भारत के दिल तक पहुंचाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वाराणसी की समृद्ध विरासत और यहां का उत्साही गोल्फ समुदाय इसे एक आदर्श मेजबान बनाता है। हम युवा पेशेवर खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा करने और आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मंच प्रदान करने के लिए उत्सुक हैं। यह टूर्नामेंट वाराणसी में पेशेवर गोल्फ को और बढ़ावा देने तथा शहर के अधिक युवाओं को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करने का भी प्रयास करेगा।”

बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स के माननीय सचिव श्री अनुराग गुप्ता ने कहा, “हमें गर्व और प्रसन्नता है कि बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स, वाराणसी अपने पहले डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन इवेंट की मेजबानी कर रहा है। यह न केवल हमारे क्लब के लिए, बल्कि वाराणसी में गोल्फ के विकास के लिए भी एक ऐतिहासिक अवसर है। इस स्तर के पेशेवर टूर्नामेंट की मेजबानी से वाराणसी राष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित होगा और स्थानीय गोल्फ प्रेमियों, युवा खिलाड़ियों तथा व्यापक समुदाय को उच्च स्तर का पेशेवर गोल्फ देखने का अवसर मिलेगा। हम खिलाड़ियों, अधिकारियों, साझेदारों और दर्शकों को एक शानदार अनुभव देने के लिए तत्पर हैं। हम सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हैं।”

प्रो-एम इवेंट रविवार, 14 जून को खेला गया। प्रो-एम का खिताब जीता प्रोफेशनल पंकज मांडिया की टीम ने जिसमें एमेच्योर मनोज मांझी, रितेश सिंह और अमित वर्मा भी शामिल थे। विजेता टीम को BLW ग्रीन्स के माननीय सचिव श्री अनुराग गुप्ता ने पुरस्कार से सम्मानित किया। नेक्सजेन टूर की शुरुआत डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ने 2025 में अपने डेवलपमेंट टूर के रूप में की थी। इसका उद्देश्य भारत के सभी पेशेवर गोल्फरों को समान खेल अवसर प्रदान करना और भारतीय गोल्फ की बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करना है, जिससे प्रतिस्पर्धा और खेल का स्तर दोनों बढ़ें।

नेक्सजेन का उद्देश्य पेशेवर गोल्फ को भारत के टियर 2 और टियर 3 शहरों तक ले जाना भी है, ताकि देश में इस खेल की पहुंच और विस्तार बढ़ सके। पीजीटीआई अपने अंब्रेला पार्टनर डीपी वर्ल्ड के साथ-साथ अपने टूर पार्टनर्स एक्सिस बैंक, अमूल, कैंपा, कल्याणी, अमृतांजन एनरल्याइट, गोल्फ प्लस मंथली और गोल्फ डिजाइन इंडिया का भारत में पेशेवर गोल्फ के विकास और प्रोत्साहन में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करता है।

प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के बारे में:

प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया, भारत में पुरुष पेशेवर गोल्फ की आधिकारिक संचालन एवं मान्यता संस्था है और यह इंटरनेशनल गोल्फ फेडरेशन तथा इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ पीजीए टूर्स का मान्यता प्राप्त सदस्य है। पीजीटीआई का डीपी वर्ल्ड टूर (यूरोपियन टूर) के साथ रणनीतिक गठबंधन भी है। पीजीटीआई के आयोजनों में ऑफिशियल वर्ल्ड गोल्फ रैंकिंग (ओडब्ल्यूजीआर) अंक भी दिए जाते हैं। वैश्विक लॉजिस्टिक्स कंपनी डीपी वर्ल्ड, पीजीटीआई की टाइटल पार्टनर और आधिकारिक अंब्रेला पार्टनर है। पीजीटीआई का नेतृत्व इसके अध्यक्ष पद्म भूषण श्री कपिल देव कर रहे हैं, जो एक महान खेल व्यक्तित्व हैं और आज भी खिलाड़ियों तथा खेल प्रेमियों को प्रेरित करते हैं।

नमो घाट पर बही योग की गंगा: 350 लोगों ने किया सामूहिक योग, अब गांव-गांव पहुंचेगा अभियान

अब ‘कुबेर’ भी आना चाहते हैं जेवरः मुख्यमंत्री

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button