Varanasi

22 वार्डों की किस्मत बदलने जा रही है यह योजना, जानिए काशी में क्या होने वाला है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में अमृत-2.0 योजना के तहत 2161 करोड़ रुपये की लागत से सीवर और पेयजल व्यवस्था को नया स्वरूप दिया जाएगा। 22 वार्डों में 353.13 किमी सीवर लाइन और 651.64 किमी पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। पहले चरण में बंगाली टोला, जगमबाड़ी, बाघाड़ा, शिवाला और नगवां में 166.22 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ। महापौर अशोक तिवारी ने इसे अगले 70 वर्षों तक समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम बताया।

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी को बुनियादी सुविधाओं से संतृप्त करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। नगर निगम क्षेत्र के अत्यधिक प्रभावित 22 वार्डों की सीवर और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए बुनियादी ढांचे को पूरी तरह नया स्वरूप देने की तैयारी है। इसी क्रम में अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत शहर में 2161 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से 353.13 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन और 651.64 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य जल्द ही गति पकड़ेगा।

​इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रखी गई थी। इसी कड़ी में रविवार को शहर के पांच प्रमुख प्रभावित वार्डों में कार्य का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं कैंट क्षेत्र के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में भूमि पूजन कर विकास कार्यों की शुरुआत की। उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की देखरेख में इस कार्य को तेजी से पूरा किया जाएगा।

​एक साल की समस्या व 70 साल तक का समाधान

इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने जनता से सहयोग की अपील की। उन्होंने धरातलीय सच्चाई को सामने रखते हुए कहा कि सीवर व पानी की नई पाइप लाइन बिछाने के इस बड़े कार्य में लगभग एक साल का समय लग सकता है। इस अवधि के दौरान सड़कों पर गड्ढा खोदने और निर्माण कार्य चलने से नागरिकों को आवागमन में थोड़ी असुविधा और कष्ट का सामना करना पड़ सकता है, ​लेकिन महापौर ने आश्वस्त करते हुए कहा कि यह एक साल की अस्थायी समस्या आने वाले 70-75 साल तक का स्थाई समाधान लेकर आ रही है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद काशीवासियों को अगले 70 वर्षों तक सीवर जाम और ओवरफ्लो की लाइलाज समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। इसके साथ ही घरों में पानी का प्रेशर भी बढ़ेगा और हर घर तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

पांच वार्डों के 66.22 करोड़ से बदलेगी सूरत

पहले चरण में पांच अत्यधिक प्रभावित वार्डों में सीवर लाइन और गृह संयोजन (हाउस कनेक्शन) का काम शुरू किया गया है। 166.22 करोड़ रुपये की लागत से कुल 73.54 किमी लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी और 15,748 घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ा जाएगा। इससे करीब 11,680 की आबादी सीधे तौर पर लाभान्वित होगी।

​वार्डवार कार्यों और लागत का विवरण इस प्रकार है:

बंगाली टोला (वार्ड नं. 31): 22.15 करोड़ रुपये की लागत से 8.50 किमी सीवर लाइन व 2551 हाउस कनेक्शन।
​जगमबाड़ी: 16.96 करोड़ रुपये की लागत से 6.54 किमी सीवर लाइन व 3441 हाउस कनेक्शन।
​बागहाड़ा: 19.51 करोड़ रुपये की लागत से 7.50 किमी सीवर लाइन व 2338 हाउस कनेक्शन।
​शिवाला: 48.52 करोड़ रुपये की लागत से 28.50 किमी सीवर लाइन व 3861 हाउस कनेक्शन।
​नगवां: 59.08 करोड़ रुपये की लागत से 22.50 किमी सीवर लाइन व 3557 हाउस कनेक्शन।

​पार्षदों की मौजूदगी में हुआ भूमि पूजन

बंगाली टोला में पार्षद चंद्रनाथ मुखर्जी की उपस्थिति में राजश्री होटल के पास पांडे हवेली में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद जगमबाड़ी में पार्षद विजय द्विवेदी, बागहाड़ा में पार्षद शमा परवीन, शिवाला में पार्षद राजेश यादव ‘चल्लू’ और शाम को नगवां में पार्षद माधुरी सिंह की मौजूदगी में क्रमशः तय स्थलों पर भूमि पूजन कर कार्य शुरू कराया गया । इस अवसर पर उपसभापति नरसिंह दास, राम गोपाल वर्मा, अमित सिंह चिंटू, नामित पार्षद संजीव चौरसिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनुराग शर्मा, अभिषेक बनर्जी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जल निगम के अधीक्षण अभियंता अमित कुमार सोनकर, अधिशासी अभियंता कमल सिंह, ओपी सिंह और भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने उपस्थित रहकर विकास की इस नई इबारत का स्वागत किया।

​”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व नगर विकासमंत्री एके शर्मा के के मार्गदर्शन में काशी विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रही है। प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मंत्र और मुख्यमंत्री की विकासोन्मुखी नीतियों से प्रेरित यह परियोजनाएं काशीवासियों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। अमृत-2.0 के तहत स्वीकृत यह धनराशि शहर की तस्वीर बदल देगी।
-अशोक कुमार तिवारी, महापौर

58% काम पूरा, फिर भी नाराज़ हुए नगर आयुक्त, दीनापुर जल योजना में देरी पर दी सख्त चेतावनी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button