
अटल जी के सपनों को साकार कर रहे पीएम मोदी: सुशील त्रिपाठी
सादगी की प्रतिमूर्ति थे अटल बिहारी वाजपेई .भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती "सुशासन दिवस" पर भाजपा ने आयोजित की जिला संगोष्ठी.
वाराणसी : भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती सुशासन दिवस पर भारतीय जनता पार्टी वाराणसी जिला एवं महानगर द्वारा रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर जिला संगोष्ठी का आयोजन किया गया।संगोष्ठी में अपने विचार रखते हुए मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री एवं जिला प्रभारी सुशील त्रिपाठी ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी सादगी की प्रतिमूर्ति थे। राजनीति को नई दिशा देने वाले अटल जी का सपना था कि राम राज्य में जिस प्रकार से व्यवस्थाएं रही, सुशासन रहा, वैसे ही देश में भी सुशासन हो। देश का प्रत्येक व्यक्ति खुशहाल हो, भ्रष्टाचार मुक्त शासन हो। कहा कि अटल जी के सपनों को साकार करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि सुशील त्रिपाठी ने कहा कि जिस पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त शासन की परिकल्पना अटल जी ने की थी उसी तरह का शासन आज देश में चल रहा है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। जरुरत मंदो को आवास, बिजली, शौचालय, गैस कनेक्शन, स्वास्थ्य सुरक्षा दी जा रही है। किसानों को किसान सम्मान नीधि, किसान क्रेडिट कार्ड, सिंचाई के लिए निःशुल्क बिजली पानी आदि दिया जा रहा है। कहा कि इन्हीं सबके चलते पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का परचम लहरा रहा है। जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने संगोष्ठी में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कवि ह्रदय अटल जी ने राजनैतिक जीवन में कभी भी मूल्यों से समझौता नहीं किया। यही कारण था कि पक्ष हो या विपक्ष सभी उनका सम्मान और आदर करते थे। 1977 में जनता पार्टी सरकार में विदेश मंत्री रहते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ में हिन्दी में भाषण देकर भारत को गौरवान्वित किया।
महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने संगोष्ठी में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रखर वक्ता अटल जी ने अपने कार्यकाल में विकास की गंगा बहाई। स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के जरिए पुरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक सड़कों का जाल बिछाना, अटल जी के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि है। कहा कि देश की नई पीढ़ी को अटल जी के आदर्शों एवं विचारों से अवगत कराए।वरिष्ठ प्रचारक नागेश्वर जी ने संगोष्ठी में विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अटल जी के विराट व्यक्तित्व की झलक उनके व्यवहार में दिखाई देती थी। देश की सुरक्षा के लिए पोखरण में परमाणु परीक्षण उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है।संगोष्ठी की शुरुआत में वक्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर पं दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। संगोष्ठी का संचालन उदय प्रताप सिंह पप्पू ने व धन्यवाद ज्ञापन रामप्रकाश दूबे ने किया।
काशी क्षेत्र में बूथ स्तर पर मनाया गया अटल जी का जन्म दिन
भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म दिवस पर आज काशी क्षेत्र के सभी 16 जिलों में जिला स्तर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं ने मन की बात सुनी तत्पश्चात अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया संगोष्ठी में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मोर्या, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, श्रीप्रकाश शुक्ला, नवीन कपूर, संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम, जयप्रकाश जी, अभिषेक मिश्रा, मधुप सिंह, सुरेंद्र पटेल, जेपी दूबे, पवन सिंह, वीनिता सिंह, फौजदार शर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में जिला एवं महानगर भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



