
वाराणसी: सिक्किम के महामहिम राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य जी इन दिनों काशी प्रवास पर हैं। सर्किट हाउस में उन्हें अवगत हुआ कि उनके पुराने साथी भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी की पत्नी मंजू राठी की तबियत ठीक नहीं है। उन्हें हार्ट अटैक आया है। राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य जी ने प्रोटोकाल के तय कार्यक्रमों में फेरबदल बदल कर मंगलवार को पूर्वाह्न नवरतन राठी के घर जवाहर नगर भेलुपुर पहुंच गए। साथ में भाजपा के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया भी थे। सभी नेताओं ने उनके स्वास्थ को लेकर जानकारी ली और कुशल क्षेम पूछा। इस दौरान पूरे राठी परिवार के साथ परिजन और इष्ट मित्र उपस्थित थे।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने महामहिम राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य को बताया कि पत्नी मंजू राठी गत एक माह से अस्वस्थ थीं। 25 दिन पूर्व उनको सीवियर हार्ट अटैक आया। उसके 10 दिन बाद दूसरा अटैक आ गया। उन्हें उपचार के लिए महमूरगंज स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल में वरिष्ठ हृदय रोग चिकित्सक डॉ राजीव गुप्ता एवं डॉ अजय पांडेय के देखरेख में एडमिट किया गया, जहां 72 घण्टे इलाज के बाद उन्हें लखनऊ मेदांता के लिए रेफर किया गया। मेदांता में सभी उच्च स्तरीय जांच के उपरांत सुप्रसिद्ध कार्डियोलोजिस्ट डॉ नकुल सिन्हा ने इन्जोग्राफी की तो दिल से जुड़ी दो नली जाम होने की बात बताई गई। मेदांता में चार दिन उपचार के बाद स्वास्थ में कुछ सुधार हुआ तो बीते गुरुवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पत्नी को लेकर मै वाराणसी आ गया। फिलहाल, उनकी हालत ठीक है।



