Politics

कर्नाटक चुनाव के बाद बिहार में होगी विपक्षी दलों की बैठक: नीतीश

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद बिहार में विपक्षी दलों की बैठक होगी।श्री कुमार ने शनिवार काे यहां शूरवीर दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में बिहार में विपक्षी एकता को लेकर बैठक करने के सवाल पर कहा, “हमलोग सभी नेताओं के साथ मिलकर बातचीत कर रहे हैं। अभी कुछ और लोगों से बातचीत होनी है। इसके बाद तय हो जायेगा कि कहां पर बैठक होगी। बहुत लोगों की राय है कि बैठक पटना में होनी चाहिए। सभी लोगों की राय से यह सब तय होगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग अगर चाहेंगे तो बिहार में जरूर बैठक होगी। उन्होंने कहा कि अभी एक राज्य में चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। कई दल उस चुनाव में लगे हैं। चुनाव के बाद यह सब होगा। बिहार में सभी पार्टियों के साथ बैठक होगी तो यह खुशी की बात होगी। जो भी होगा वह सभी लोगों की राय से ही होगा।श्री कुमार ने सासाराम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गये प्रश्न कहा कि यदि किसी पर कोई आरोप लगता है तो पुलिस उसकी जांच करती है। जांच में जो दोषी पाया जाता है उस पर कार्रवाई होती है। आज तक उन्होंने इस सब चीजों में कभी हस्तक्षेप नहीं किया है। बिहार में जहां कहीं भी घटना होती है तो उसकी बारीकी से जांच होती है। जिन दो जगहों पर घटनाएं हुई है, वहां पर कड़ी कार्रवाई की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन पूरे तौर पर सतर्क रहता है। घटना में यदि कोई भी दोषी पाया जायेगा तो चाहे वह किसी दल का हो, उस पर कार्रवाई होगी। किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता क्या बोलते हैं उस पर वह ध्यान नहीं देते। उससे उन्हें कोई मतलब नहीं है।श्री कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से हुई मुलाकात के सवाल पर कहा कि उनकी तबीयत खराब थी। दिल्ली में भी उन्होंने उनसे मुलाकात की थी। अब यहां आये हैं तो हमारी उनसे मुलाकात हुई है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता, उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ, विधान पार्षद ललन सर्राफ, विधायक रणविजय साहू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डाॅ. एस. सिद्धार्थ, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार, राज्य खाद्य आयोग के पूर्व सदस्य नंद किशोर कुशवाहा, जदयू के व्यवसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कमल नोपानी, बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य शिवशंकर निषाद, जदयू नेता ओमप्रकाश सेतु सहित कई अन्य राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शूरवीर दानवीर भामाशाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button