
विरोध :फोरलेन सड़क निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाया
लहरतारा, बीएचयू होते भेलूपुर तक होना है फोर लेन
मंडुवाडीह,वाराणसी। मंडुवाडीह क्षेत्र के भिखारीपुर में मंगलवार को लोकनिर्माण विभाग का अतिक्रमण हटाओ दस्ता भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा। अतिक्रमण हटाओ दस्ते को देखते हुए कुछ अतिक्रमणकारी अपना सामान समेटने लगे वहीं कुछ लोग अतिक्रमण हटाओ दस्ते का विरोध भी किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी से उनकी एक ना चली।
मंगलवार को दोपहर में लोकनिर्माण विभाग के जितेंद्र सिंह ( सहायक अभियंता),ए के सिंह (सहायक अभियंता ) व प्रोजेश चौबे अमीन,राकेश और अरुण कुमार मय पुलिस बल लेकर बीएलडब्लू मुख्यद्वार से भिखारीपुर तिराहे तक का अतिक्रमण हटाने पहुँचे। ककरमत्ता के स्थानीय लोग पुलिस बल व अतिक्रमण दस्ते को देख विरोध करना शुरू कर दिया।
महिलाएं जेसीबी के आगे लेटीं
अतिक्रमण हटाओ दस्ते की जेसीबी जब मकानों को तोड़ने के लिए आगे बढ़ी तो वहीं मौजूद महिलाएं जेसीबी के आगे लेट गयीं और अपने ऊपर से जेसीबी ले जाने को कहने लगीं। इसी दौरान एक युवती ने अपने साथ ही कुछ अन्य महिलाओं पर भी ज्वलनशील पदार्थ फेंक कर खुद को जलाने की कोशिश की लेकिन वहां मौजूद महिला एस आई अंकिता कुमारी ने महिला पुलिसकर्मियों की मदद से उनके इस प्रयास को असफल कर दिया और लगभग आधा दर्जन महिलाओं को हिरासत में लेकर मंडुवाडीह थाने भेजा तब जाकर लगभग चार बजे तक भिखारीपुर तिराहे तक आधा दर्जन अतिक्रमण को जमींजोद किया गया।
तमाशबीनों की भीड़ से लगा जाम
अतिक्रमण हटाने के दौरान उधर से गुजरने वाले लोग भी रुक कर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही देखने लगे जिससे दोनों तरफ की लेन में जाम की स्थिति उतपन्न हो गयी और कई एम्बुलेंसो को मंडुवाडीह पुलिस व ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर गंगेश्वर मिश्रा ने जाम से बाहर निकाला।
हाइडिल तक अतिक्रमण हटाने को दिया समय
मंगलवार को अतिक्रमण दस्ता बीएलडब्लू मुख्य द्वार से भिखारीपुर तिराहे तक का अतिक्रमण जमींजोद किया तथा हाईडिल तक के अतिक्रमणकारियों को जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने को कहा।



