
वाराणसी : पीएम मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने विकास के नये मापदंड स्थापित किए हैं। कहा कि 2024 के पहले उत्तर प्रदेश की गिनती एक बीमारू राज्य के रुप में होती थी, हर तरफ गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार का बोल बाला था लेकिन जब से उतर प्रदेश की कमान योगी जी के हाथों में आयी है तब से गुंडे माफिया जेलों के अंदर पहुंच गये या उनका सफाया हो गया। कहा की निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत होगी और सभी सत्रह नगर निगम क्षेत्रों में कमल खिलेगा।उक्त बातें राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल ने महापौर प्रत्याशी अशोक तिवारी के साथ घर घर जाकर वोट का आशीर्वाद मांगते हुए कही।

मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में लाखों करोड़ का इन्वेस्टमेंट आ रहा है। बड़ी बड़ी मल्टी नेशनल कम्पनियां अपनी फैक्ट्री लगा रही है। भाजपा सरकार में प्रदेश की जनता सुकुन महसुस का रही है। उन्होंने कहा कि विकास के कार्यो की निरन्तरता बनी रहे इसके लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार के साथ-साथ उसमें तिसरा इंजन भी जुड़ जाए और ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए हमें नगर निकाय चुनाव जीतना होगा जिसके लिए आप जनता जनार्दन का आशीर्वाद अत्यंत आवश्यक है।
जनसंपर्क कार्यक्रम में वार्ड संख्या 44 सारनाथ वार्ड प्रत्याशी अभय कुमार पाण्डेय,वार्ड संख्या 30 पाण्डेयपुर वार्ड प्रत्याशी अशोक कुमार मौर्य,वार्ड संख्या 70 रानीपुर वार्ड के वार्ड प्रत्याशी सच्चिदानंद पाण्डेय,वार्ड संख्या 71 बजरडीहा वार्ड में वार्ड प्रत्याशी श्याम आसरे मौर्या,वार्ड संख्या 45 जोल्हा उत्तरी वार्ड वार्ड प्रत्याशी शरद पाण्डेय “मुन्ना” संग घर-घर दस्तक दी और भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक 28 को आएंगे काशी
प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक 28 अप्रैल को काशी आएंगे उपमुख्यमंत्री द्वय महापौर पद के भाजपा प्रत्याशी अशोक तिवारी, गंगापुर नगर पंचायत की चेयरमैन श्रीमती स्नेहलता सेठ एवं पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में यहां युवा,महिला सम्मेलन एवं जनसभा को संबोधित करेंगे।यह जानकारी देते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने बताया कि उपमुख्यमंत्री द्वय के 28 अप्रैल को प्रस्तावित सभी कार्यक्रमो की तैयारियां पूर्ण हो चुकी है सभी कार्यक्रमो के अलग अलग संयोजक बनाकर कार्य विभाजन कर दिया गया है।
उपमुख्यमंत्री द्वय के 28 अप्रैल को आयोजित विस्तृत कार्यक्रमो की जानकारी देते हुए महानगर अध्यक्ष श्री राय ने बताया कि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या दिनांक 28 अप्रैल, शुक्रवार को दिन में 12.50 बजे रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर नव-मतदाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का संयोजक संजय सोनकर को बनाया गया है उपमुख्यमंत्री श्री मौर्या इसी दिन अपराह्न 3.00 बजे सुसवाही में चाय पर चर्चा करेंगे इस कार्यक्रम का संयोजक प्रभाकर राय को बनाया गया है। श्री मौर्या इसी दिन सायँ काल 6.30 बजे गंगापुर बाजार में जनसभा को संबोधित करेंगें। इस कार्यक्रम का संयोजक कुमार सिद्धार्थ को बनाया गया है। तत्पश्चात श्री मौर्या 7.30 बजे मवईया में जनसभा को संबोधित करेंगे इसका संयोजक सुजीत मौर्या को बनाया गया है। श्री मौर्या इसी दिन रात्रि 8.40 बजे कोनिया में जनसभा को संबोधित करेंगे इसका संयोजक योगेश सिंह बबलू को बनाया गया है।
भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक 28 अप्रैल को सायँ काल 6.00 बजे से मंडुआडीह स्थित विश्वनाथ गार्डेन में आयोजित महिला मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम की संयोजक भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया होंगी। तत्पश्चात श्री पाठक इसी दिन सायँ काल 7 बजे सिगरा स्थित उद्योगपति आर.के.चौधरी के आवास पर उद्योग पतियों की बैठक को संबोधित करेंगे इसके बाद उपमुख्यमंत्री श्री पाठक सायं 8.00 बजे रोडवेज बस स्टैंड के निकट स्थित डॉ अशोक राय के लक्ष्मी हास्पिटल में डाक्टरों से भेंट मुलाकात कर विकास कार्यो की चर्चा करेंगे और राष्ट्रहित में मतदान करने की अपील करेंगे। इस कार्यक्रम का संयोजक डॉ अशोक राय को बनाया गया है।



