National

डॉ़ सिंह का जीवन विपरीत परिस्थितियों में ऊंचाई हासिल करने की प्रेरणा देता है: मोदी

मुर्मु ने मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी.मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल, कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होगी अंतिम यात्रा

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन आने वाली पीढ़ियों को विपरीत परिस्थितियों से ऊपर उठकर महान ऊंचाइयों को हासिल करने की प्रेरणा देता है।डा़ॅ सिंह का गुरुवार रात यहां एम्स में निधन हो गया था।प्रधानमंत्री कार्यालय ने यहां बताया कि श्री मोदी ने एक वीडियो संदेश में डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह का निधन देश के लिए एक बड़ी क्षति है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करना कोई सामान्य उपलब्धि नहीं है और विभाजन के दौरान भारत आने के बाद बहुत कुछ खोने के बावजूद डॉ. सिंह बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्ति थे। डॉ. सिंह का जीवन आने वाली पीढ़ियों को सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों से कैसे ऊपर उठकर महान ऊंचाइयों को हासिल किया जाए।”श्री मोदी ने जोर देकर कहा कि डॉ. सिंह को हमेशा एक दयालु व्यक्ति, एक विद्वान अर्थशास्त्री और सुधारों के लिए समर्पित नेता के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने केन्द्र सरकार में डॉ. सिंह के एक अर्थशास्त्री के रूप में विभिन्न स्तरों पर अनगिनत योगदानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने चुनौतीपूर्ण समय में भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में डॉ. सिंह की भूमिका की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पी.वी. नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री के रूप में डॉ. सिंह ने देश को वित्तीय संकट से निकालकर नये आर्थिक रास्ते पर चलाया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री के रूप में देश के विकास और प्रगति में डॉ. सिंह के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों और देश के विकास के प्रति डॉ. सिंह की प्रतिबद्धता को हमेशा उच्च सम्मान में रखा गया है।श्री मोदी ने कहा कि डॉ. सिंह का जीवन उनकी ईमानदारी और सादगी का प्रतिबिंब था। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह का प्रतिष्ठित संसदीय करियर उनकी विनम्रता, सौम्यता और बुद्धिमत्ता से चिह्नित था।

प्रधानमंत्री ने याद किया कि इस वर्ष की शुरुआत में राज्यसभा में डॉ. सिंह के कार्यकाल के अंत में भी, उन्होंने सभी के लिए प्रेरणा के रूप में डॉ. सिंह के समर्पण की प्रशंसा की थी। अपनी शारीरिक चुनौतियों के बावजूद, डॉ. सिंह ने अपने संसदीय कर्तव्यों को पूरा करते हुए व्हीलचेयर पर महत्वपूर्ण सत्रों में भाग लिया।प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रतिष्ठित वैश्विक संस्थानों से शिक्षा प्राप्त करने और शीर्ष सरकारी पदों पर रहने के बावजूद, डॉ. सिंह अपनी साधारण पृष्ठभूमि के मूल्यों को कभी नहीं भूले। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी दलों के लोगों से संपर्क बनाए रखते थे और सभी के लिए आसानी से उपलब्ध रहते थे।

प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान और बाद में दिल्ली में डॉ. सिंह के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर उनकी खुली चर्चा को याद किया। उन्होंने डॉ. सिंह के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और सभी नागरिकों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुर्मु ने मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को यहां पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी ।डॉ. सिंह का गुरुवार रात एम्स में निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए उनके आवास पर रखा गया है।राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार श्रीमती मुर्मु, डॉ. सिंह के आवास पहुंची और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।श्रीमती मुर्मु ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी बातचीत की तथा अपनी संवेदनाएं प्रकट की।

धनखड़ ने मनमोहन को दी श्रद्धांजलि

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।इस मौके पर श्री धनखड़ की पत्नी डॉक्टर सुदेश धनखड़ भी उनके साथ थी। उपराष्ट्रपति ने डॉक्टर सिंह की पत्नी और अन्य परिजनों से बातचीत की तथा उन्हें सांत्वना ने दी।डॉ. सिंह का कल देर शाम नयी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान में निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए राष्ट्रीय राजधानी में उनके आवास पर रखा गया है।

खरगे-सोनिया-राहुल-प्रियंका ने मनमोहन को किये श्रद्धा सुमन अर्पित

कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम दर्शन करते हुए उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की है।डॉ. सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व के साथ ही विभिन्न दलों के प्रमुख नेता पहुंच रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों तथा प्रमुख नेताओं ने डॉ. सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की है।कर्नाटक के बेलगावी में विस्तारित कांग्रेस कार्य समिति की बैठक चल रही है। बैठक 100 साल पहले कांग्रेस की बेलगाम अधिवेशन की याद में आयोजित हो रही है, जिसमें भाग लेने गए श्री खरगे तथा श्री गांधी डॉ. सिंह के निधन की खबर सुनते ही बैठक अधूरी छोड़कर दिल्ली लौट गये हैं।

मनमोहन सिंह का योगदान हमेशा याद रहेगा: आरएसएस

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. सिंह के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले को उद्धृत करते हुए कहा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और देश के वरिष्ठ नेता डॉ. सरदार मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश बेहद दुखी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उनके परिवार और अनगिनत प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

”संघ ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह एक साधारण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद देश के सर्वोच्च पद को सुशोभित किये। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. सिंह का भारत के लिए योगदान हमेशा याद किया जाएगा और संजोया जाएगा। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें।”

अमेरिका, रूस, चीन के राजदूतों ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर अमेरिका, रूस और चीन के राजदूतों ने गतबहरा शोक एवं परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और उनके योगदान को यादगार बताया है।भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, “हम हमारे प्रिय मित्र और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निस्वार्थ योगदान को याद करते हैं, जिन्होंने अमेरिका-भारत संबंधों में एक ऐतिहासिक अध्याय स्थापित किया। भारत के विकास और समृद्धि के प्रति उनका समर्पण हमें प्रेरित करता रहता है। उनके नेतृत्व और दूरदृष्टि के लिए आभारी हूं।

“भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने अपने संदेश में कहा, “यह भारत और रूस के लिए अत्यंत दुःख और वेदना का क्षण है। हमारे द्विपक्षीय संबंधों में डॉ. मनमोहन सिंह का योगदान अतुलनीय था। उनका सौम्य व्यवहार हमेशा प्रिय था क्योंकि एक अर्थशास्त्री के रूप में उनकी विशेषज्ञता और भारत की प्रगति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता निर्विवाद थी। हमारी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ डॉ. मनमोहन सिंह जी के परिवार और भारतीय लोगों के साथ हैं। ॐ शांति”भारत में चीनी राजदूत शू फेइहोंग ने अपने संदेश में कहा, “पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, एक उत्कृष्ट नेता, जिनका भारतीय लोगों द्वारा व्यापक रूप से सम्मान किया जाता है, के निधन पर गहरा दुख हुआ। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना।”

मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल, कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होगी अंतिम यात्रा

पूर्व प्रधानमंत्री डा़ॅ मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को यहां किया जायेगा और इससे पहले उनका पार्थिव शरीर सुबह अंतिम दर्शन के लिए कांग्रेस मुख्यालय में रखा जायेगा।डा़ॅ सिंह का पार्थिव शरीर सुबह साढे नौ बजे अंतिम यात्रा पर रवाना होगा। सूत्रों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार राजघाट के निकट किया जायेगा।कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शुक्रवार को एक पोस्ट में कहा, “पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह जी का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए आज उनके आवास 3, मोतीलाल नेहरू रोड, नई दिल्ली में रखा गया है।

कल, 28 दिसंबर को सुबह आठ बजे, उनके पार्थिव शरीर को एआईसीसी मुख्यालय ले जाया जाएगा और जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कल सुबह 8.30 से 9.30 बजे के बीच उन्हें श्रद्धांजलि देने का अवसर मिलेगा।”कांग्रेस महासचिव ने कहा, “डॉ. सिंह की अंतिम यात्रा कल सुबह 9.30 बजे एआईसीसी मुख्यालय से श्मशान घाट तक शुरू होगी।”डॉ. सिंह का गुरुवार रात एम्स में निधन हो गया था। दिवंगत नेता का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जायेगा। उनके सम्मान में 01 जनवरी 2025 तक सात दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस शोक अवधि के दौरान पूरे भारत में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

विदेश स्थित सभी भारतीय मिशनों/उच्चायोगों में भी राष्ट्रीय ध्वज 01 जनवरी 2025 तक सात दिनों के लिए आधा झुका रहेगा।डा़ॅ सिंह के अंतिम संस्कार के दिन सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों और केन्द्र सरकार के सार्वजनिक उपक्रमों में आधे दिन की छुट्टी घोषित की गयी है।केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को यहां पूर्व प्रधानमंत्री की स्मृति में दो मिनट का मौन रख कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मनमोहन के समाधि स्थल के लिए खरगे ने लिखा मोदी को पत्र

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का देश के निर्माण में महान योगदान रहा है इसलिए उनका समाधि स्थल बनाया जाना चाहिए।श्री खरगे ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि डॉ. सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए जहां उनका स्मारक बनाया जा सके।कांग्रेस ने अपने आधिकारिक पेज पर ट्वीट कर कहा “पार्टी अध्यक्ष खरगे ने प्रधानमंत्री जी और गृह मंत्री से फ़ोन पर बात करके तथा पत्र लिख कर कांग्रेस की ओर से पुरज़ोर अनुरोध किया है कि भारत के सपूत सरदार मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार तथा स्मारक स्थापित करना ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”(वार्ता)

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन

 

 

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button