![पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन](https://i0.wp.com/cmgtimes.com/wp-content/uploads/2024/12/cong.jpg?fit=676%2C453&ssl=1)
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन
मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया.डा मनमोहन सिंह का निधन भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति: योगी
नयी दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार देर शाम राष्ट्रीय राजधानी के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे।डॉक्टर सिंह को सांस लेने में तकलीफ के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एम्स ने एक विज्ञप्ति में बताया कि डॉक्टर सिंह को आठ बजकर पांच मिनट पर अस्पताल लाया गया और उन्हें तुरंत चिकित्सा प्रदान की गई। डॉक्टरों के अथक प्रयास के बावजूद डॉ सिंह का नौ बजकर 51 मिनट पर निधन हो गया।डॉक्टर सिंह के निधन का समाचार मिलने पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा अस्पताल पहुंची।
बेदाग राजनीतिक जीवन और विनम्रता के लिए याद किया जाएगा डॉक्टर सिंह को: मुर्मु
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्हें बेदाग राजनीतिक जीवन और विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा।श्रीमती मुर्मु ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने शोक संदेश में कहा, “ पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी उन दुर्लभ राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में भी समान सहजता से काम किया। सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका निधन हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।’ मैं भारत के सबसे महान सपूतों में से एक को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं और उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।
मनमोहन के निधन पर शोक जताया धनखड़ ने
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।श्री धनखड़ ने गुरुवार देर शाम यहां जारी एक संदेश में कहा कि डॉक्टर सिंह एक विशिष्ट अर्थशास्त्री थे, जिन्होंने देश का आर्थिक परिदृश्य बदल दिया। पद विभूषण से सम्मानित और भारत के आर्थिक उदारवाद के रचयिता डॉक्टर सिंह ने बहुत महत्वपूर्ण समय में देश का आर्थिक मोर्चे संभाला और आर्थिक वृद्धि तथा विकास के नए आयाम खोले।
मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।डॉक्टर सिंह का गुरुवार रात एम्स में निधन हो गया।श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में लिखा, “ भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी। संसद में उनका हस्तक्षेप भी व्यावहारिक था। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में, उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।”
मनमोहन सिंह के निधन पर सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा
केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।आधिकारिक सूत्रों ने यहां आज रात बताया कि डॉक्टर सिंह की अंत्येष्टि पूरे राजकीय सम्मान के साथ की जायेगी।सूत्रों के अनुसार केंद्रीय मंत्रिमंडल की शुक्रवार पूर्वाह्न 11:00 बजे बैठक बुलाई गयी है । बैठक में दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से उत्पन्न स्थितियों और उनकी अंत्येष्टि आदि के विषय में विचार हो सकता है।सूत्रों ने कहा कि केंद्र सरकार के कल होने वाले सभी समारोहों को दिवंगत नेता के सम्मान में स्थगित कर दिया गया है।
शाह ने मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है।श्री शाह ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक पर अपने शोक संदेश में कहा, “ पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।
डा मनमोहन सिंह का निधन भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति: योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये कहा है कि यह भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है।श्री योगी ने एक्स पर लिखा “ पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है। वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”
जेपी नड्डा ने मनमोहन के निधन पर जताया दुख
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।श्री नड्डा ने गुरुवार देर शाम यहां जारी एक संदेश में कहा कि प्रख्यात अर्थशास्त्री और पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर सिंह का निधन राष्ट्र के लिए बहुत भारी क्षति है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर सिंह भारतीय राजनीति के दिग्गज राजनेता थे। अपने लंबे सामाजिक जीवन में उन्होंने आम जनजीवन के लिए काम किया। वह समाज के निचले वर्ग की आवाज रहे। उनके नेतृत्व में उन्हें पार्टी से अपार लोकप्रियता दिलाई।
खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर जताया शोक
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया।श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर शोक संदेश में कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, एक बेदाग निष्ठावान नेता और एक अद्वितीय कद के अर्थशास्त्री को खो दिया है, जिनकी नीतियों और विचारधारा ने भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाई। डॉ. मनमोहन सिंह को एक ईमानदार और उच्चकोटि के अर्थशास्त्री के रूप में याद किया जाएगा, जिनकी आर्थिक उदारीकरण की नीति ने भारत को नए आर्थिक युग में प्रवेश कराया और करोड़ों भारतीयों की जिंदगी को बदल दिया।”
डॉ. सिंह के निधन से मैंने अपना मार्गदर्शक खो दिया: राहुल
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा अशोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने अपना एक मार्गदर्शक को खो दिया है।श्री गांधी ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह जी ने बहुत ही बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने पूरे देश को प्रेरित किया।”
डॉ. मनमोहन जैसा सम्मान हर राजनेता को नहीं मिलता: प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि डॉ. मनमोहन सिंह जैसे राजनेता बहुत कम हुए हैं, जिन्हें राजनीति में अत्यधिक सम्मान मिला है।श्रीमती वाड्रा ने कहा, “राजनीति में बहुत कम लोग सरदार मनमोहन सिंह जी जैसा सम्मान पाते हैं। उनकी ईमानदारी हमेशा हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेगी और वे हमेशा उन लोगों के बीच खड़े रहेंगे, जो इस देश से सच्चा प्यार करते हैं, क्योंकि वे अपने विरोधियों द्वारा अनुचित और गहरे व्यक्तिगत हमलों के बावजूद राष्ट्र की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता में दृढ़ रहे।”
सीतारमण ने मनमोहन सिंह के निधन पर जताया शोक
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए आज कहा कि 1991 का मील का पत्थर बजट पेश कर भारतीय अर्थव्यवस्था को उदार बनाने वाले डॉ सिंह सभी के द्वारा सम्मानित, वे मृदुभाषी और सौम्य थे।श्रीमती सीतारमण ने सोशल मीडिया एक्स पर जारी अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ सिंह ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर और भारत के वित्त मंत्री के रूप में अपनी सेवा दीं थी। डॉ. सिंह ने 1991 का मील का पत्थर बजट पेश कर भारतीय अर्थव्यवस्था को उदार बनाया था।
मनमोहन सिंह का योगदान हमेशा याद रहेगा: आरएसएस
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. सिंह के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले को उद्धृत करते हुए कहा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और देश के वरिष्ठ नेता डॉ. सरदार मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश बेहद दुखी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उनके परिवार और अनगिनत प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।”संघ ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह एक साधारण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद देश के सर्वोच्च पद को सुशोभित किये। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. सिंह का भारत के लिए योगदान हमेशा याद किया जाएगा और संजोया जाएगा। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें।”
भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के सबसे महान समर्थकों में से एक थे मनमोहन : अमेरिका
अमेरिका ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक प्रकट करते हुये कहा कि वह अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी के सबसे महान समर्थकों में से एक थे और उनके काम ने बहुत कुछ की नींव रखी जो पिछले दो दशकों में दोनों देशों ने मिलकर हासिल किया है।अमेरिकी विदेश मंत्री एंथनी ब्लिंकन ने एक बयान में यह भी कहा कि अमेरिका-भारत नागरिक परमाणु सहयोग समझौते को आगे बढ़ाने में पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह का नेतृत्व अमेरिका-भारत संबंधों की क्षमता में एक बड़े निवेश का संकेत देता है।बयान में कहा गया , “संयुक्त राज्य अमेरिका पूर्व प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भारत के लोगों के प्रति हमारी गंभीर संवेदना व्यक्त करता है।”
“डॉ सिंह अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी के महानतम समर्थकों में से एक थे, और उनके काम ने पिछले दो दशकों में हमारे देशों ने मिलकर जो कुछ हासिल किया है, उसकी नींव रखी। अमेरिका-भारत नागरिक परमाणु सहयोग समझौते को आगे बढ़ाने में उनके नेतृत्व ने अमेरिका-भारत संबंधों की क्षमता में एक बड़े निवेश का संकेत दिया।”“ डॉ. सिंह को देश में उनके आर्थिक सुधारों के लिए याद किया जाएगा जिन्होंने भारत की तीव्र आर्थिक वृद्धि को गति दी। हम डॉ. सिंह के निधन पर शोक मनाते हैं और संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत को करीब लाने के उनके समर्पण को हमेशा याद रखेंगे।”(वार्ता)