बजट में 48.21 लाख करोड़ रुपये व्यय का प्रस्ताव, 16.13 लाख की व्यवस्था उधार से
नयी निजी आयकर व्यवस्था से बचेंगे 17500 रुपए
नयी दिल्ली : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वर्ष 2024-25 के बजट में कुल 48.21 लाख करोड़ रुपये के व्यय का अनुमान लगाया है और राजकोषीय घाटे को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 4.9 प्रतिशत तक सीमित रखने का लक्ष्य रखा है।फरवरी में पेश अंतरिम बजट में राजकोषीय घाटा 5.1 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया था। पिछले वित्त वर्ष में, संशोधित अनुमानों के अनुसार राजकोषीय घाटा 5.6 प्रतिशत था।बजट निर्माण में वित्त वर्ष 2024-25 में चालू कीमतों पर जीडीपी में 10.50 की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है।
बजट पत्रों के अनुसार चालू वित्त वर्ष में करीब 3,26.37 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो वित्त वर्ष 2023-24 के करीब 2,95.36 लाख करोड़ रुपये (अस्थायी अनुमान) की तुलना में 10.50 प्रतिशत अधिक है।बजट अनुमानों के अनुसार चालू वित्त वर्ष में केंद्र की शुद्ध कर प्राप्तियां 25.83 लाख करोड़ रुपये, कर-भिन्न प्राप्तियां लगभग 5.46 लाख करोड़ रुपये तक रहेंगी तथा पूंजी प्राप्तियां 16.91 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
पूंजी गत प्राप्तियों में उधार और अन्य देयताताओं के मद में प्राप्तियां 16.13 लाख करोड़ रुपये अनुमानित हैं।विनिवेश से 50 हजार करोड़ रुपये प्राप्त होने का अनुमान है, जो अंतरिम बजट के अनुमान के बराबर है। पिछले वित्त वर्ष में विनिवेश से 33122 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे।चालू वित्त वर्ष में सरकार के कुल 4820512 करोड़ रुपये के अनुमानित व्यय में राजस्व खाते पर व्यय 3709401 करोड़ रुपये, ब्याज भुगतान पर 1162940 करोड़ रुपये तथा पूंजीगत सम्पत्तियों के सृजन के लिए अनुदानों पर 3.91 लाख करोड़ रुपये के व्यय का प्रावधान है।
बजट प्रस्तावों के अनुसार चालू वित्त वर्ष में राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद के 4.9 प्रतिशत के रहेगा।सरकार की वित्तीय स्थिति को और मजबूत बनाने की राह पर आगे और प्रगति का विश्वास जताते हुये वित्त मंत्री ने कहा कि अगले वित्त वर्ष में राजकोषीय घाटा जीडीपी के 4.5 प्रतिशत तक रहने की संभावना है।उन्होंने कहा चालू वित्त वर्ष में सरकार दिनांकित प्रतिभूतियों के माध्यम से बाजार से सकल 14.01 लाख करोड़ रुपये का कर्ज जुटायेगी। वर्ष के दौरान जुटाया गया कर्ज शुद्ध रूप में 11.63 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
श्रीमती सीतारमण ने इस बात पर जोर दिया कि 2021 में उन्होंने राजकोष को मजबूत बनाने की जो वृहद योजना प्रस्तुत की, उससे अर्थव्यवस्था की बहुत अच्छी सेवा हुई है, और सरकार अगले वर्ष घाटे को 4.5 प्रतिशत से नीचे लाने का लक्ष्य रखेगी।बुनियादी आर्थिक, सामाजिक और अनुसंधान एवं विकास ढांचे को बढ़ाने की योजनाओं के साथ बजट में 11 लाख 11,111 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का प्रावधान किया गया है जो जीडीपी के 3.4 प्रतिशत के बराबर है। पिछले वित्त वर्ष के संशोधित अनुमानों के अनुसार 2023-24 में पूंजीगत व्यय 9.49 लाख करोड़ रुपये था।
पूंजीगत व्यय के लिये राजस्व खाते से दिये गये अनुदानों को जोड़ दें, तो वर्ष के दौरान प्रभावी पूंजीगत व्यय 15.02 लाख करोड़ रुपये तक रहेगा।चालू वित्त वर्ष में राजकोषीय घाटा 16.13 लाख करोड़ रुपये (जीडीपी के 4.9 प्रतिशत के बराबर) रहने का अनुमान है, जो पिछले वित्त वर्ष, संशोधित अनुमानों में 16.54 लाख करोड़ रुपये (जीडीपी के 5.6 प्रतिशत) के बराबर था।वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार अगले पांच साल तक अवसंरचना विकास को अपना ठोस समर्थन बनाये रखेगी।
बजट में राज्यों को अवसंरचना विकास के लिये 1.5 लाख करोड़ रुपये के ब्याज मुक्त दीर्घकालिक ऋण का प्रावधान किया गया है।बजट में केंद्र सरकार को करों से शुद्ध प्राप्ति प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के चौथे चरण में ग्रामीण इलाकों में 25,000 छोटी बस्तियों तक सड़क पहुंचाने का लक्ष्य है।
नयी निजी आयकर व्यवस्था से बचेंगे 17500 रुपए
केंद्रीय बजट 2024-25 में नयी व्यक्तिगत आयकर व्यवस्था का प्रस्ताव किया गया है जिसमें करदाताओं को 17500 रुपए का लाभ होगा।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को संसद में पेश केंद्रीय बजट में कहा कि नयी कर व्यवस्था से सरकार को 7000 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान होगा और चार करोड़ वेतनभोगियों और पेंशनभोगियों को लाभ होगा।केंद्रीय बजट के अनुसार व्यक्तिगत आय पर मानक कटौती 50 हजार रुपए से बढ़ाकर 75 हजार रुपए कर दी गयी है। इससे निजी करदाता को 17500 रुपए का लाभ होगा। इसके अलावा परिवार पेंशन में कटौती की सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार कर दी गयी है।
नयी कर व्यवस्था इस प्रकार होगी—-
आय………………………………………………..कर
0 से तीन लाख रुपए……………………………..00
तीन लाख से सात लाख रुपए……………………05 प्रतिशत
सात लाख से 10 लाख रुपए…………………….10 प्रतिशत
10 लाख से 12 लाख रुपए……………………….15 प्रतिशत
12 लाख से 15 लाख रुपए………………………..20 प्रतिशत
15 लाख से अधिक…………………………………30 प्रतिशत(वार्ता)
आने वाले वर्षाें में भी भारतीय अर्थव्यवस्था चमकता सितारा बना रहेगा: सीतारमण
विष्णुपद मंदिर, महाबोधि मंदिर को विश्वस्तरीय तीर्थ और पर्यटन स्थल बनाया जाएगा: सीतारमण
केंद्रीय बजट: पिछले वित्त वर्ष की तुलना में शिक्षा क्षेत्र में 32 प्रतिशत की वृद्धि
निवेशकों के सभी वर्गों के लिए ‘एंजेल टैक्स’ को समाप्त किया गया
कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों के लिए 1.52 लाख करोड़ रुपये के आवंटन
एक्शन में सीएम योगी, लापरवाह पांच एडीएम एफआर और तीन एसडीएम से जवाब तलब



