
बैंड बाजा, ढोल नगाड़े, डमरू दल एवं शंखनाद के बीच भगवान राम लला की निकली शोभायात्रा
22 जनवरी को मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मंदिरों में करेंगे स्वच्छता, साज सज्जा एवं सुंदर कांड का होगा पाठ
वाराणसी :अयोध्या में भगवान श्री राम जी के जन्म स्थान पर होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी श्रम प्रकोष्ठ काशी क्षेत्र द्वारा रविवार दोपहर शास्त्री घाट वरुणा पुल से श्री राम लला की एक भव्य शोभायात्रा गाजे बाजे के साथ निकाली गयी।कार्यक्रम संयोजक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि माला फुलों से सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर भगवान राम लला की शोभायात्रा जो नदेसर, भोजूबीर, अर्दली बाजार होते हुए महावीर मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई।

भगवान रामलला के रथ के एक आगे डीजे, बैंड बाजा, शहनाई, नगाड़ा, डमरू दल, शंखनाद एवं पुलिस बैंड भक्ति गीत की धुन बजाते चल रहे थे। इस दौरान मार्ग में जगह जगह लोगों ने भगवान राम लला की आरती उतारी। शोभा यात्रा में शामिल लोग हाथों में राम ध्वजा लेकर भगवान श्री राम की जय जयकार करते हुए ‘ राजतिलक की करो तैयारी, आ रहे अवध बिहारी’ के गगनभेदी उद्घोष कर रहे थे।

शोभा यात्रा में अनिल कुमार पांडेय, राजीव सरन, जोरावर सिंह, संतोष सोलापुरकर, विपिन विश्वकर्मा, विनय विश्वकर्मा, मोनिका पांडेय, राहुल गुप्ता, राम पटेल, रजनीश पांडेय, अतुल सिंह, अनूप सिंह, संतोष श्रीवास्तव, साहब सिंह, सूरज अग्रहरि सहित सैकड़ों की संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे।

22 जनवरी को भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मंदिरों में करेंगे स्वच्छता, साज सज्जा एवं सुंदर कांड का होगा पाठ
अयोध्या में भगवान श्री राम के जन्म स्थान पर होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन काशी क्षेत्र के सोलह संगठनात्मक जिलों के सभी मंदिरों में स्वच्छता अभियान, साज सज्जा, सुंदर कांड का पाठ, भजन कीर्तन, आरती एवं सायंकाल भव्य दीपोत्सव का कार्यक्रम किया जाएगा। उक्त बातें भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कल हरहुआ स्थित गोकुल धाम में काशी क्षेत्र की सम्पन्न हुई बैठक के दौरान कही थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता 22 जनवरी को अपने अपने क्षेत्र के मंदिरों में सुबह स्वच्छता करेंगे, मंदिरों को सजाएंगे, सुंदर कांड एवं भजन कीर्तन करेंगे एवं अयोध्या में होने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखेंगे। सायंकाल मंदिरों में दीपोत्सव का आयोजन होगा।इस क्रम में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल रोहनियां स्थित शुलटंकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह स्वच्छता करेंगे, साज- सज्जा करेंगे तत्पश्चात सुंदर कांड का पाठ करेंगे एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रभु श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखेंगे एवं प्रसाद वितरण करेंगे।




