
पावर लिफ्टिंग में दुद्धी का दबदबा, वंदना बनी स्ट्रांग वूमेन और यशवंत बने स्ट्रांग मैन
जिला पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता महिला एवं पुरुषों ने आजमाये दांव
दुद्धी,सोनभद्र: जनपद के विवेकानंद प्रेक्षागृह परिसर में रविवार को आयोजित जनपद स्तरीय पावरलिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डर प्रतियोगिता में महिला एवं पुरूष दोनों वर्ग में दुद्धी का दबदबा कायम रहा।
महिला वर्ग में दुद्धी की वंदना कुशवाहा ने 63 किलो भार ग्रुप में सीनियर और मास्टर दोनों में खेल कर डेट लिफ्ट में 110 किलो भार और बेंच प्रेस में 55 किलो भार उठाकर दोनों में गोल्ड हासिल किया। सीनियर और मास्टर दोनों में टॉप होने के कारण वंदना को चार गोल्ड,सर्टिफिकेट व ट्रॉफी प्रदान किये गये। इसके साथ ही सभी महिला खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा भार उठाने के कारण स्ट्रांग वूमेन का गोल्ड व तमगा भी इन्हें ही प्रदान किया गया।
वहीं पुरुष वर्ग में यशवंत सिंह ने 93 किलो भार ग्रुप में डेट लिफ्ट में 210 किलो और बेंच प्रेस में 150 किलो भार उठाकर गोल्ड मेडल सर्टिफिकेट और ट्रॉफी प्राप्त किया तथा सभी पुरुष खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा भार उठाने के कारण स्ट्रांग मैन का गोल्ड व तमगा प्रदान किया गया। दुद्धी से शिवाजी फिटनेस जिम के दोनों खिलाड़ियों ने स्ट्रांग मैन और स्ट्रांग वूमेन का ट्रॉफी व मेडल प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रौशन किया।
इनके अलावा समीर ने 53 किलो भार ग्रुप में बेंच प्रेस में 70 किलो भार उठाकर गोल्ड मेडल और डेड लिफ्ट में 135 किलो भार उठाकर सिल्वर मेडल प्राप्त किया । नितिन ने 60 किलो भार ग्रुप में बेंच प्रेस में 72 किलो भार उठाकर गोल्ड मेडल तथा डेट लिफ्ट में 147 किलो भार उठाकर सिल्वर मेडल प्राप्त किया । अमित ने 65 किलो भार ग्रुप में बेंच प्रेस में 80 किलो भार उठाकर गोल्ड मेडल और डेट लिफ्ट में 150 किलो भार उठाकर ब्रोंज मेडल प्राप्त किया ।
करन चौधरी ने 66 किलो भार ग्रुप में डेट लिफ्ट में 145 किलो और बेंच प्रेस में 70 किलो भार उठाकर ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया । ओबरा की संगीता मसीह ने 76 किलो भार ग्रुप में डेट लिफ्ट में 90 किलो और बेंच प्रेस में 35 किलो भार उठाकर गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ सदर एसडीएम निखिल यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया।
दुद्धी शिवाजी फिटनेस के डायरेक्टर मुकेश कुमार व ट्रेनर यशवंत सिंह के कुशल निर्देशन की बदौलत टीम के वंदना कुशवाहा, यशवंत सिंह ,समीर ,नितिन, अमित और करन चौधरी ने शानदार प्रदर्शन कर,मेडल जीते और दुद्धी को स्ट्रांग मैन और स्ट्रांग वूमेन का खिताब मिला।



