शातिर चोर गिरफ्तार, निशानदेही पर 2.27 लाख नकद और चांदी बरामद
शराब की दुकान को बनाता था निशाना, मौका देख आभूषण की दुकान भी खंगाला
मंडुवाडीह। मंडुवाडीह पुलिस ने शनिवार को फुलवरिया गेट नंबर चार के पास से शातिर चोर को दबोचा। उसकी निशानदेही पर 2 लाख 27 हजार 920 रुपये नकद, दो किलो चांदी और 15 ग्राम सोना बरामद हुआ। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा भी मिला। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया अभियुक्त की पहचान राजू अंसारी उर्फ मो शहीद उर्फ जावेद शहीद निवासी हरपालपुर थाना लोहता, हाल पता शिवदासपुर कोहरान बस्ती थाना मंडुवाडीह के तौर पर हुई।
पुलिस की माने तो बीते दिनों भिखारीपुर स्थित बियर की दुकान में और शिवदासपुर लहरतारा मार्ग पर अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरी हुई थी। उसी सिलसिले में पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही थी कि उसकी पहचान हुई। मुखबिर खास से सूचना मिली कि अभियुक्त फुलवरिया गेट नंबर चार के पास मौजूद है। घेराबंदी कर अभियुक्त को दबोचा गया। उसकी निशानदेही पर नकदी और सोना चांदी बरामद हुआ। पूछताछ में बताया भिखारीपुर स्थित बीयर की दुकान तथा शिवदासपुर अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरी की थी। तीन दिन पूर्व इंग्लिशिया लाइन जवाहर मार्केट स्थित बियर की दुकान को भी निशाना बनाया था। कुछ महीने पहले लहरतारा में एक आभूषण की दुकान में भी चोरी किया था। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाप्रभारी राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार,उपनिरीक्षक का. आलोक कुमार,का. दिनेश पाल ,का.अनुराग सिंह यादव, का. बुद्धिसागर मिश्रा रहें। पकड़े गए चोर के खिलाफ मंडुवाडीह, सिगरा तथा भेलूपुर में मुकदमे दर्ज है।
रोहनिया थाने का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
रोहनिया। रोहनिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करीमुल्ला मोड़, गंगापुर बाजार के पास से रोहनिया स्थानीय थाने का हिस्ट्रीशीटर सूरज सिंह को गिरफ्तार किया। सूरज गंगापुर का निवासी है। तलाशी में उसके पास से तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। आगे की कार्रवाई में उसे जेल भेजा गया।



