Crime

गाजीपुर :सवा करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के नियन्त्रण हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत जनपद की स्वाट टीम व शादियाबाद  पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को देर रात, करीब सवा करोड़ मूल्य की नाजायज हेरोइन बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की ।उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यालय में प्रतिनिधियों को दी। बरामद की गयी 1200 ग्राम हेरोइन की अन्तराष्ट्रीय कीमत 01 करोड़ 20 लाख रू0 लगभग बताई गयी है। नाजायज हिरोइन के साथ ही 70,000 रुपया नकद, एक स्कार्पियों व एक टाटा जेस्टा गाड़ी भी बरामद की गयी।

बताया गया कि अपराधियों के नियन्त्रण हेतु चलाये जा रहे अभियान व मादक पदार्थों के बिक्री व रोकथाम के क्रम में एक फरवरी को प्रभारी निरीक्षक शादियाबाद घनानन्द त्रिपाठी मय हमराह, स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक रामाश्रय राय मय टीम तथा सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील तिवारी मय टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ हेरोईन तस्कर, हेरोईन सप्लायर से हेरोईन लेने के लिये बेसो नदी पुल युसुफपुर पर पहुँचने वाले हैं। मुखबिर की सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने हमराही कर्मचारियों को अवगत कराया गया।

पुलिस टीम मुखबिर को साथ लेकर युसुफपुर बेसो नदी पुल के पास पहुंची और दोनों तरफ घेराबन्दी कर  ली।  कुछ समय बाद अम्बेडकर मोड़ हंसराजपुर की तरफ से  तथा दुसरे तरफ चौरा गांव की तरफ से एक एक चार पहिया वाहन आकर पुल पर रुके। वे पुल पर वाहन खड़ा कर आपस मे कुछ लेन देन करते हुए वार्ता करने लगे जिसे देखकर मुखबिर ने बताया कि यह  दोनो वाहन उन्ही हेरोईन तस्करों की है।

मौका देखकर पुलिस टीम ने दोनों तरफ से एक बारगी दबिश देकर घेर कर बात कर रहे दोनों व्यक्तियों के पास पहुँचे तो वे दोनों व्यक्ति चौरा की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें वहीं घेर कर पुल से करीब 10-15 कदम दूरी पर ग्राम चौरा की ओर जाते जाते पकड लिया। पकडे गये दोनों व्यक्तियों में से एक ने अपना नाम  रामजी सिंह पुत्र निर्मल सिंह निवासी ग्राम ब्रम्हपुर पश्चिम टोला थाना ब्रम्हपुर जिला बक्सर बिहार बताया। उसके कब्जे से एक स्कोर्पियो सफेद बीआर 03 पीवी 0107 जिसमें 500 ग्राम हिरोइन व 50,000 रूपया नगद बरामद हुआ।

दूसरे व्यक्ति सुभाष यादव पुत्र स्व. शेषनाथ यादव निवासी ग्राम देवकली थाना रामपुर मांझा गाजीपुर रहा। उसके चार पहिया टाटा जेस्ट सफेद यूपी 65 एफटी 5387 में 700 ग्राम हिरोइन व 100-100 रुपये की दो गड्डी कुल 20000 रुपया बरामद हुआ।  पकड़े गये दोनों व्यक्तियों को समय रात ग्यारह बजे हिरासत पुलिस में लिया गया।

पता चला कि अभियुक्त सुभाष यादव अपनी गाड़ी पर पूर्वांचल न्यूज का पोस्टर लगा मीडिया की गाड़ी बताकर उसमें हेरोइन की तस्करी का कार्य काफी समय से करता रहा है। उस पर पहले से ही थाना करण्डा में गैंगस्टर का अभियोग पंजीकृत है। अभियुक्त रामजी भी पूर्व में थाना जमानियां से मादक पदार्थ तस्करी में जेल जा चुका है। उनकी गिरफ्तारी के बाद थाना शादियाबाद पर उनके विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यावाही करते हुए उन्हें न्यायालय के सुपुर्द किया गया।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button