फिरोजाबाद । जनपद में अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अन्तर्गत शुक्रवार को हुए सड़क हादसों में बालक सहित दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाई है।
थाना लाइनपार क्षेत्र के लेबर कालोनी बेस्ट ग्लास कम्पाउंड निवासी समीर का पुत्र समद (2) घर के बाहर खेल रहा था। बताया जाता है कि तभी एक विभाग में लगी ईको गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख लोगों की भीड़ जमा हो गयी। परिजन आनन फानन में बच्चे को लेकर उपचार के लिये सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद गुस्साये परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुये हंगामा किया। सूचना पर थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया है।
वहीं दूसरी घटना में थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव छिकाऊ निवासी वेदप्रकाश अपने दोस्त मनोज के साथ बाइक से शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। बताया जाता है कि तभी जसराना घिरोर मार्ग के कुशियारी के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में बाइक आ गई। वाहन की चपेट में आकर बाइक चला रहे वेदप्रकाश की मौके पर मौत हो गई। वहीं मनोज घायल हो गया। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गयी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लायी है। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।हि.स.)



