National

ट्रम्प ने तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण को मंजूरी दी

वाशिंगटन/नयी दिल्ली : अमेरिका की राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 26/11 मुंबई आतंकवादी हमलों के साजिशकर्ता तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है।श्री ट्रम्प ने घोषणा की कि उनके प्रशासन ने तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है। उन्होंने साथ ही कहा कि भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ संबंध ‘पहले कभी इतने अच्छे नहीं रहे।’श्री ट्रम्प ने श्री मोदी के साथ वार्ता के बाद व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ‘आज मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मेरे प्रशासन ने 26/11/2008 के भयावह मुंबई आतंकवादी हमलों से जुड़े साजिशकर्ताओं और दुनिया के सबसे दुष्ट लोगों में से एक के प्रत्यर्पण को भारत में न्याय का सामना करने के लिए मंजूरी दे दी है।

‘अमेरीकी राष्ट्रपति ने यह पूछे जाने पर कि क्या वह अमेरिका में खालिस्तानी अलगाववादियों और भारत विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे, जबकि खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नून अमेरिका में ही रह रहे हैं, ने सीधे तौर पर इस सवाल का जवाब नहीं दिया।उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि भारत के बाइडेन प्रशासन के साथ बहुत अच्छे संबंध थे। वे उन्हें तेल और गैस नहीं बेचते थे जिस पर मुझे विश्वास करना बहुत मुश्किल लगता है और बहुत सी ऐसी चीजें हुईं जो मुझे लगता है कि भारत और बाइडेन प्रशासन के बीच बहुत उचित नहीं थीं।’श्री मोदी ने अपने संबोधन में राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी देने के लिए श्री ट्रम्प को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा ‘मैं राष्ट्रपति का आभारी हूँ कि उन्होंने 2008 में भारत में हत्याओं को अंजाम देने वाले अपराधी को अब भारत को सौंपने का फैसला किया है। भारतीय अदालतें अब उचित कार्रवाई करेंगी।’पिछले महीने अमेरिकी शीर्ष अदालत ने 26/11 के आरोपी तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित करने को मंजूरी दे दी थी। पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक राणा पाकिस्तानी अमेरिकी आतंकवादी डेविड हेडली का करीबी था जिसने मुंबई में हमले के लिए जगहों की रेकी की थी। मुंबई हमलों में उसकी भूमिका के लिए उस पर आरोप हैं। वह वर्तमान में लॉस एंजिल्स की जेल में बंद है। 2008 के मुंबई आतंकी हमले में छह अमेरिकियों सहित कुल 166 लोग मारे गए थे। हमले में 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों ने 60 घंटे से अधिक समय तक मुंबई के प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण स्थानों पर हमला किया और लोगों की हत्याएं की। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button