औरैया । जनपद के बेला थाना क्षेत्र में कन्नौज से आलू लादकर घर आ रहे किसानों के ट्रैक्टर को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि एक महिला राहगीर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घायलों को सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद तीन किसानों को मिनी पीजीआई सैफई रेफर किया गया है। पुलिस मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
बिधूना तहसील क्षेत्र के बेला मार्ग पर बांधमऊ के समीप आलू लादकर वापस ट्रैक्टर से घर आ रहे किसान जयवीर, संजय, उमेश, राजेश निवासीगण खरगपुर थाना बिधूना अंतर्गत बेला मार्ग पर बांधमऊ गांव के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे चारों किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान बिधूना कस्बे के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी राजेश शर्मा की 47 वर्षीय पत्नी दीपा घटना की शिकार हो गई और उसकी मौके पर मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किसानों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन किसानों को चिंताजनक हालत में मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक महिला दीपा की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम भेज दिया।(हि.स.)



