बीमारी से तंग विवाहिता ने की खुदकुशी
पति के नाम सुसाइड नोट में बच्चों की अच्छी परवरिश का किया गुजारिश
दुद्धी,सोनभद्र : कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव निवासी एक विवाहिता ने बीमारी से तंग आकर, खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार ग्रामवासी जयंत की 33 वर्षीय पत्नी पूजा नित्य की भांति सुबह उठकर घर में साफ सफाई कर, शौच के लिए गयी। काफी देर तक नही दिखी तो परिजन उसे ढूंढ़ने लगे। परिजन ढूढ़ते हुए छत पर पहुंचे तो पानी के प्लास्टिक टैंक के पास पूजा का चप्पल था और वहीं कुर्सी के ऊपर एक प्लास्टिक का पीढ़ा रखा था। यह सब देख परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका में पानी की टंकी में झांककर देखा तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गये। पानी की टंकी में पूजा डूबी हुई थी।

आनन फानन में परिजनों ने टंकी से उसे बाहर निकाला और चिकित्सक के यहां ले गये। चिकित्सक ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मायका पक्ष से पहुंचे मृतका की मां,बहन व भाई का रो रोकर बुरा हाल था और घटना से वे काफी आक्रोशित दिखे। मायका पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर अनाप शनाप आरोप लगाना शुरू कर दिया। बाद में लोगों के समझाने बुझाने पर वे शांत हुए।
मिली जानकारी के अनुसार पूजा ने आत्महत्या से पहले अपने पति के नाम दो पेज का एक सुसाइड नोट भी लिखा है। जिसमें पूजा ने अपनी सुसाइड का कारण बीमारी को बताते हुए, अपने दोनों बच्चों की परवरिश ध्यान से करने की गुजारिश किया है। इस बाबत पूछे जाने पर चौकी इंचार्ज संजय सिंह ने सुसाइड नोट की पुष्टि करते हुए,कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने एवं जांच के बाद ही कुछ भी कहना सम्भव होगा।



