हमीरपुर । हैदराबाद में रहकर एनसीसी कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्य करते समय चोरी करके भागे युवक ने गांव आकर घर में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। रस्सी टूट जाने पर यह सफल नहीं हो सका। बाद में सुना घर पाकर जहरीला पदार्थ गटक लिया। उपचार में ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक मां-बाप का इकलौता पुत्र था। मृतक का पिता एक दशक से लापता है।मौहर गांव निवासी मलखान निषाद का पुत्र अजीत निषाद (18) हैदराबाद में रहकर एनसीसी कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्य करता था। एक पखवारे पूर्व इसने कंपनी में चोरी की थी और सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। कार्यवाही के भय से यह घटना के बाद गांव भाग आया था।
बताते हैं कि ठेकेदार ने इसको लापता घोषित करके कार्यवाही की धमकी दे रहा था। ठेकेदार सिसोलर थाना क्षेत्र के ग्राम टोलामाफ का प्रदीप यादव है। ठेकेदार की धमकी से परेशान होकर उसने फांसी लगा ली लेकिन रस्सी के टूट जाने से जान बच गई। मौका पाकर उसने जहरीला पदार्थ गटक लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही इसने दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर गांव लौट आए और पुलिस को सूचित किया। रविवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की मां लौंगी व बहन अनीता ने ठेकेदार पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया हैं।
ठेकेदार ने बताया कि यह चचेरे भाई बच्चा निषाद के साथ काम पर आया था। कंपनी में चोरी करते समय सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद यहां से फरार हो गया था। उसने किसी तरह का उत्पीड़न नहीं किया। परिजनों के आरोप आरोप बेबुनियाद हैं। सुमेरपुर थानाध्यक्ष राम आसरे सरोज ने बताया कि जहरीला पदार्थ खाने की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच कराकर कार्यवाही की जाएगी।(हि.स.)



