Crime

किशोरी को कुचलने वाला थार जीप चालक गिरफ्तार, साथी फरार

कानपुर । शहर के दक्षिण इलाके बर्रा में तीन दिन पहले किशोरी को कुचलने वाला थार जीप चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस दौरान जीप में बैठा दूसरा साथी अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि जीप सोनू झा उर्फ प्रशांत चला रहा था और उसका साथी शराब कारोबारी का बेटा शशांक बगल में बैठा है। सीसीटीवी फुटेज में दो ही लोग दिख रहे हैं और जीप चालक को जेल भेजा जा रहा है।

बर्रा आठ एफ ब्लाॅक निवासी अनीता सोनी बुधवार की शाम अपनी 12 वर्षीय छोटी बेटी इशिका के साथ बाजार गई थी। इशिका साइकिल पर थी और दोनों जैसे ही कर्रही रोड से बर्रा दक्षिण को जाने वाली रोड पर पहुंचे तो उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई थार जीप ने इशिका को कुचल दिया। अनियंत्रित थार जीप ने अनीता व एक अन्य महिला गायत्री को भी टक्कर मारी और परचून की दुकान के काउंटर से जा टकराई।

हादसे के बाद उमड़ी भीड़ ने थार चालक को घेर लिया तो वह इलाज कराने के बहाने मां और बेटी को हैलट अस्पताल ले गया। अस्पताल में दोनों को छोड़कर भाग गया और किशोरी की मौत हो गई। मां अनीता की तहरीर पर पुलिस ने थार जीप चालक और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।

थाना प्रभारी ने शनिवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर थार जीप चालक सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सीसीटीवी के जरिये पता चला कि जीप सोनू चला रहा था और बगल में शशांक बैठा था। दोनों के अलावा कोई और नहीं था। फिलहाल सोनू से शशांक के बारे में पूछताछ की जा रही है और उसे जेल भेजा जा रहा है।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button