मीरजापुर । विंध्याचल थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में शनिवार की रात दो सगे भाइयों ने पैसे को लेकर हुए विवाद में पिता को लाठी से मारकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। शनिवार की सुबह मंडलीय चिकित्सालय में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
भवानीपुर गांव निवासी रामपाल (55) के चार पुत्रों में से दो पुत्र संतोष व सुरेश शुक्रवार की रात पिता द्वारा बेचे गए बांस के रुपए के बंटवारे को लेकर आपस में भिड़ गए। परिजन ने बताया कि पिता ने बांस बेचकर कुछ रुपये हासिल किए थे। बांस बिकने के बाद मिले रुपयों के बंटवारे के लिए पुत्रों ने पिता पर दबाव बनाना शुरू किया तो आपस में विवाद शुरू हो गया।
बीच बचाव करने आए पिता से दोनों भाइयों ने विवाद कर लिया और लाठी से पीटकर उसे गम्भीर रूप से घायल कर दिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे मंडलीय चिकित्सालय ले गए। शनिवार की सुबह उपचार के दौरान रामपाल की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस परिजन से पूछताछ में जुटी है। (हि.स.)



