वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अन्तर्गत कोईराजपुर में रिंग रोड फेज दो पर बुधवार को सुबह कंटेनर की चपेट में आने से महिला की मौत हो गयी। महिला अपनी बहन के दामाद के साथ शादी समारोह से लौट रही थी। सूचना मिलने के बाद बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी अनुसार सारनाथ थाना क्षेत्र के नई बाजार भैसौड़ी निवासी उषा देवी (55) राजातालाब के महगांव में स्थित अपने रिश्तेदारी की शादी में शामिल होकर अपनी बहन के दामाद रामसेवक मौर्य निवासी दामोदरपुर सारनाथ के साथ घर लौट रही थी। कोईराजपुर गांव में रिंग रोड फेज-2 पर रामसेवक ने बाइक को रिंग रोड से सर्विस लेन पर जैसे टर्न किया वहां मौजूद एक गड्ढे में बाइक फिसल गई। दोनों बाइक से नीचे गिर गये।
इस बीच पीछे से आ रही कंटेनर की चपेट में उषा देवी आयी और कुचलने से मौत हो गयी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक समेत कंटेनर को कब्जे में लिया। मृतका की तीन बेटी और चार बेटे है। घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों ने शव को रखकर प्रदर्शन की कोशिश की लेकिन थान प्रभारी अश्वनी चतुर्वेदी के समझाने पर सभी मान गये। घायल रामसेवक का उपचार अस्पताल में चल रहा है।



