गोपालगंज । जिले में गंडक नदी के रास्ते शराब तस्करी की सूचना पर बुधवार को आरोपितों की धर-पकड़ के लिए गई यादोपुर पुलिस टीम की नाव पलट गई, जिसमें चार पुलिसकर्मी डूब गए। इसमें एक सिपाही की मौत हो गई जबकि तीन जवानों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि मृतक जवान गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र निवासी मोहन ठाकुर का पुत्र राजेश कुमार (36) है। वह सिपाही के पद पर तैनात था। घटना के संबंध में पुलिस को सूचना मिली थी कि गंडक नदी के रास्ते शराब तस्करी हो रही है। इन्हीं को पकड़ने के लिए पुलिस टीम नाव पर सवार थी।
इसी दौरान नाव पलटते ही सभी पुलिसकर्मी नदी में डूब गए। हालांकि, इनमें से कुछ पुलिसकर्मी तैरकर बाहर आ गए लेकिन चार जवान बाहर नहीं निकल पाए। बाद में इन चारों में से एक जवान का शव मिला। एएसआई संजय कुमार, हवलदार अमर किशोर सिंह और चौकीदार राजकृत तैर कर बाहर निकल गए।
डीएम ने कहा कि हादसे की जांच कराई जाएगी। शव को फिलहाल सदर अस्पताल में रखा गया है। परिजनों को सूचना दी गई है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर सलामी के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।(हि.स.)



