
पाली । बेटे की मौत के सदमे में पूरे परिवार ने कुएं में कूद कर खुदकुशी कर ली। जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो इसके बारे में पुलिस को सूचना दी। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से लाश को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ये पूरा मामला राजस्थान पाली के रोहट थाना क्षेत्र का है।
यहां सांझी गांव के रहने वाला भलाराम मेघवाल का तीन साल का बेटा भीमाराम कुछ दिनों से बीमार था। वह अपनी पत्नी मीरा, चार साल की बेटी और बीमार बेटे को लेकर सरकारी अस्पताल जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान बीच रास्ते में बेटे की मौत हो गई। इसके बाद पति-पत्नी बेसुध होकर रोने लगे।
बेटे की मौत का गम उन दोनों पर इतना हावी हो गया कि वे डिप्रेशन में आ गए। इसके बाद मृत बेटे के साथ पूरा परिवार सांझी गांव के निकट कुएं में कूद गए। डूबने से भलाराम, उनकी पत्नी मीरा देवी और चार साल की बेटी नगीन की मौत हो गई। सूचना मिलने पर यह बात पूरे गांव में फैल गई। इसके बाद से गांव में गम का माहौल है। साथ ही रिश्तेदारों में कोहराम मच गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।(वीएनएस)



