50 हजार का इनामी गिरफ्तार, चार साल से थी पुलिस को तलाश
अपराधी पर एक दर्जन से ज्यादा संगीन धाराओं में मुकदमा
पिंडरा। फूलपुर पुलिस ने 50 हजार का इनामी बदमाश को शनिवार को कथौली मोड़ से धर दबोचा। उसके खिलाफ फूलपुर थाने में चोरी, हत्या के प्रयास समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है। गैंगस्टर के तहत पुलिस चार साल तलाश कर रही थी।
सीओ पिंडरा डॉ अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि फूलपुर थाने में बदमाश सत्यनारायण राम उर्फ खुरी निवासी मठिया मोहल्ला थाना टाउन नगर बक्सर बिहार के खिलाफ चोरी, हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत सात मुकदमे दर्ज हैं। गैंगेस्टर के तहत मुकदमे में वांछित था और पुलिस चार साल से इसे तलाश रही थी। इसपर पहले 25 हजार का इनाम था, इसके अपराधिक कृत्यों को देख 50 हजार का इनाम रखा गया। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर कथौली मोड़ के पास से गिरफ्तार कर उसके पास से तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि यह जहरखुरानी व टप्पेबाजी के कई मामलों में संलिप्त रहा। गिरफ्तार करने वालों इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार, एसआई अमित यादव, रवि प्रकाश यादव, अजय यादव व सिपाही शामिल रहे।



