चोलापुर। वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे पर चोलापुर क्षेत्र में सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, उसके सगे भाई की जान तो बच गई मगर गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क किनारे लगे डिवाइडर से तेज रफ्तार कार टकराने के कारण हादसा हुआ।
आजमगढ़ के ओझौली गांव निवासी दो सगे भाई दुर्गा प्रसाद सिंह व अमन कुमार सिंह देर रात करीब दो बजे होंडा सिटी कार से प्रयागराज की ओर जा रहे थे। वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र अंतर्गत गोला स्थित बाईपास के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सेफ्टी डिवाइडर से टकरा गई।
घटना में सेफ्टी डिवाइडर पर लगा आयरन एंगल कार को चीरते हुए अंदर जा घुसा। जो ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे अमन सिंह (27) के सीने में घुस गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। कार चला रहा दुर्गा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर जुटे ग्रामीण नजारा देख सहम उठे। सूचना पर पहुंची चोलापुर पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों भाइयों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। प्रयागराज के एक स्कूल में शिक्षक अमन कुमार अविवाहित था। गंभीर रूप से घायल दुर्गा प्रसाद भारतीय सेना में कार्यरत हैं।
दुर्घटना में अज्ञात महिला समेत तीन घायल
वाराणसी। अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में एक अज्ञात महिला समेत तीन लोग घायल हो गये। सभी घायल मण्डलीय अस्पताल में भर्ती कराये गये।दोसीपुरा, चौकाघाटके पास वाहन के धक्के से अज्ञात 45 वर्षीय महिला घायल भी गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मण्डलीय अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, बीएचयू अस्पताल के पास दुर्घटना में कोतवाली थाना क्षेत्र के कतुआपुरा निवासी मोहित 16 वर्ष नामक युवक घायल हो गया।
निराश्रित महिला की मौत
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के गोलगड्डा निवासिनी माला देवी 53 वर्ष नामक महिला बीमारी की हालत में मण्डलीय अस्प्ताल में भर्ती हुई थी। बीती रात उसकी मौत हो गयी। परिवार के किसी सदस्य के न होने पर अस्पताल कर्मियों ने शव को मोर्चरी में बन्दकर सूचना पुलिस को भेज दिया।
व्यक्ति अचेत मिला
वाराणसी। भेलूपुर मंदिर के पास बुधवार को अज्ञात 55 वर्षीय व्यक्ति अचेत पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मण्डलीय अस्पताल में भर्ती कराया।



