मुंबई : विदेशी बाजारों में तेजी के बावजूद स्थानीय स्तर पर टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टीसीएस, विप्रो, एसबीआई और एलटी समेत चौदह कंपनियों में हुई बिकवाली से आज शेयर बाजार की पिछले लगातार दो दिनों की तेजी थम गई।बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 64.66 अंक उतरकर 66408.39 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 17.35 अंक फिसलकर 19794 अंक पर आ गया। वहीं, मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में हुई लिवाली ने बाजार को और अधिक गिरने से बचाया।
इस दौरान बीएसई का मिडकैप 0.30 प्रतिशत चढ़कर 32,322.73 अंक और स्मॉलकैप 0.60 प्रतिशत की तेजी लेकर 38,198.50 अंक पर पहुंच गया।इस दौरान बीएसई में कुल 3792 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2169 में लिवाली जबकि 1500 में बिकवाली हुई वहीं 123 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 29 कंपनियां हरे जबकि 21 लाल निशान पर रही।बीएसई में कैपिटल गुड्स, रियल्टी, टेक और आईटी में 1.48 प्रतिशत तक की गिरावट को छोड़कर 16 समूहों में तेजी रही। ऊर्जा 1.16, ऑटो 0.71, धातु 0.93 और तेल एवं गैस समूह में 1.40 प्रतिशत की बढ़त रही।अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तेजी का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.80, जर्मनी का डैक्स 0.65, जापान का निक्केई 1.75, हांगकांग का हैंगसेंग 1.93 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.94 प्रतिशत उछल गया। (वार्ता)



