Crime

खेलते समय गायब हुई मासूम दो दिन बाद कुंए से बरामद

फिरोजाबाद । थाना नगला सिंघी क्षेत्र अन्तर्गत दो दिन से लापता एक बच्ची मंगलवार को गांव से एक किलोमीटर दूर कुंए से बरामद हुई है। बच्ची पूरी तरह से सुरक्षित है। बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नही रहा। पुलिस ने बच्ची को जांच के लिये अस्पताल भिजवाया है।

थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव बांसदानी निवासी महेन्द्र सिंह पुत्र काशीराम ने दो दिन पूर्व 23 अक्टूबर की रात्रि थाने पर तहरीर दी कि उसकी भतीजी प्रेमलता (3) पुत्री देवेन्द्र सिंह शाम करीब 6 बजे घर से खेलते-खेलते कहीं गायब हो गई है। थानाध्यक्ष नगला सिंघी सचिन कुमार ने तत्काल बच्ची के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कर घटनास्थल पर जाकर बच्ची की सघनता से तलाश शुरू कर दी।

बच्ची की तलाश के लिये क्षेत्राधिकारी टूण्डला हरीमोहन सिंह के नेतृत्व में 4 टीमों का गठन किया गया। इन टीमों द्वारा घटनास्थल के आसपास खड़ी बाजरे की फसल में, नाले के पानी को पम्पसेट द्वारा निकलवाकर जेसीबी से नाले की खुदाई करवाकर बच्ची को तलाश किया गया तथा गांव के आसपास कुओं में भी तलाश करवाई गई।

मंगलवार को बच्ची प्रेमलता ग्राम बांसदानी के पास एक सूखे कुंए में मिली। जिसको पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों की मदद से सकुशल बाहर निकलवा कर प्राथमिक उपचार हेतु जिला अस्पताल भिजवाया गया। बच्ची सकुशल व ठीक है। पुलिस द्वारा किए गये सराहनीय कार्य की बच्ची के परिजनों व गांव वालों द्वारा प्रशंसा की गई। दो दिन तक भूखी प्यासी बच्ची के कुंए में सुरक्षित और स्वस्थ होने को लेकर ग्रामीण इसे चमत्कार मान रहे हैं।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button