Politics

इंडिया समूह के नेताओं ने संविधान की प्रति के साथ संसद परिसर में किया प्रदर्शन

नयी दिल्ली : अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार को शुरू होते ही इंडिया समूह के नेताओं ने संविधान की प्रति हाथ में लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, “हम लोकतंत्र के संरक्षक हैं। हम संविधान की रक्षा और उसे कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अन्याय के खिलाफ लड़ने के अपने संकल्प को लेकर एकजुट हैं।”उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए सरकार पर संविधान का अपमान करने का आरोप लगाया। इस दौरान श्री अखिलेश यादव और श्रीमती डिंपल यादव समेत समाजवादी पार्टी के कई नेता भी संविधान की प्रति हाथ में लेकर संसद पहुंचे।

संविधान पर हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे: राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृहमंत्री अमित शाह पर सीधा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि वे लगातार संविधान पर हमला करते हैं और कांग्रेस किसी भी कीमत पर इसे बर्दाश्त नहीं कर सकती है।श्री गांधी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं के सवाल का जवाब देते हुए सोमवार को कहा “देखिए, जो आक्रमण प्रधानमंत्री जी, अमित शाह जी संविधान पर कर रहे हैं, वो हमारे लिए एक्‍सेप्‍टेबल नहीं है, वह हम होने नहीं देंगे। इसीलिए हमने शपथ लेते हुए संविधान को हाथ में पकड़े रखा।”लोकसभा में हाथ में संविधान रख कर शपथ लेने जाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा, “यह एक संदेश है और इसका संदेश जा रहा है। हिंदुस्‍तान के संविधान को कोई शक्ति नहीं छू सकती। संविधान की प्रति पत्रकारों को दिखाते हुए उन्होंने कह-ये देखिए।”एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, “हाथों में संविधान की प्रति, दिलों में इसका मूल्य। दुनिया की कोई शक्ति इसे मिटा नहीं सकती-इंडिया गठबंधन जी जान से इसकी रक्षा करेगा।”(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button