जोधपुर । शहर के मंडोर इलाके में रहने वाले व्यवसायी को एक महिला मित्र ने फोन कर अपनी परिचित महिला के घर पर बुलाया। जहां उसे कमरे में धकेलने के साथ न्यूड वीडियो बनाया। इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उससे 2.50 लाख की मांग की। व्यवसायी के पहनी सोने की तीन अंगुठियां,चेन लूटने के साथ फोन के जरिए 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवा दिए। चार घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट और फिर रुपये देने के आश्वासन पर छोडा गया।
आरोप है कि उसे पिस्टल दिखाई गई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला हनी ट्रेप का बताया है। जिसमें जांच की आरंभ की गई है। घटना 19 अक्टूबर की है पीडित ने इस बारे में गुरुवार को पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शुक्रवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया।
मंडोर थानाधिकारी मनीष देव ने बताया कि एक व्यक्ति की तरफ से यह रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि उसकी जान पहचान किसी एक महिला से दो महिने पहले हुई थी। उससे फोन पर बातें होती रहती थी। 19 अक्टूबर को महिला का फोन आया और उसे बालसमंद पर बुलाया। कारण पूछने पर अपने किसी परिचित के यहां चलना बताया। इस विश्वास पर पीडित महिला के बताए एड्रेस पर पहुंच गया। जहां पहुंचने पर उसे एक कमरे में धकेल दिया गया। जहां पहले से ही दो लडकियां और दो युवक मौजूद थे। इन लोगों ने उसका न्यूड वीडियो महिला के साथ बना दिया और वायरल करने की धमकी देकर ढाई लाख रुपये मांगे।
पीडित ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके पहनी सोने की तीन अंगुठियां, चेन भी छीन ली साथ ही फोन पे के माध्यम से उससे 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवाएं। पिस्टल दिखाकर रुपयों की डिमाण्ड की और नहीं दिए जाने पर वीडियो वायरल करना बताया। 20 अक्टूबर को महिला ने फिर फोन कर कहा कि दो लाख लेकर आ जाओं। इनकी धमकियों से परेशान होकर पीडित बाद में मंडोर थाने पहुंचा और केस दर्ज करवाया।
थानाधिकारी मनीष देव ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मूलत: बाप थानान्तर्गत बापिणी हाल बालसमंद निवासी नेपाल शर्मा पुत्र गंगाधर शर्मा, खाबडा ओसियां हाल बालसमंद की पूजा पत्नी प्रकाश विश्रोई एवं तापू हाणिया हाल बलेदवनगर धर्मकांटा के पास माता का थान निवासी प्रतिभा उर्फ गुुडियां पत्नी नाथूसिंह को गिरफ्तार किया गया है।
थानाधिकारी मनीष देव के अनुसार यह लोग गिरोह में काम करते है। जिसमें एक युवती आधुनिक रहनसहन अपना कर होटल्स, कैफे, हुक्काबार एवं रेस्टारेंट में धनाढय व्यक्ति से संपर्क बढाती है फिर व्यक्ति को अकेले कमरे ले जाती है। बाद में उसके सहयोगी वीडियो आदि बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर देते है।(हि.स.)



