Crime

बर्थ-डे पार्टी के दौरान गैस सिलिंडर में जोरदार धमाका,20 से अधिक लोग झुलसे

चंडीगढ़ । बर्थ-डे पार्टी के दौरान अचानक गैस सिलिंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही गांव में भगदड़ मच गई। कार्यक्रम में नाश्ता कर रहे महिला, व्यक्ति, बच्चे और बुजुर्ग समेत 20 से अधिक लोग आग में झुलस गए। आग में झुलसे लोग बचाव के लिए चिल्लाते रहे, मगर आग की लपटें काफी तेज थी। गांव के लोगों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। आनन-फानन में घायलों को करनाल के प्राइवेट अस्पताल में लाया गया। कुछ जख्मी लोगों का निगदू अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। ये घटना हरियाणा के निगदू थाना क्षेत्र के भोला खालसा गांव की है।

जानकारी के अनुसार, भोला खालसा गांव में सोमपाल के 7 साल के लड़के विशाल का जन्मदिन था। सोमपाल का परिवार अपने बच्चे का जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहा था। खुशी का माहौल था। रिश्तेदार आ रहे थे। उनके लिए खाने का प्रबंध किया गया था। हलवाई सुबह से मेहमानों के लिए खाना बना रहा था। इस बीच अचानक सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ और सब सन्न रह गए। सिलेंडर के आसपास करीब 20-22 लोग थे, जो सिलेंडर के फटने से घायल हो गए।

सबसे ज्यादा चोटें हलवाई को आई हैं। सिलेंडर फटने के बाद परिवार और आस पड़ोस में अफरा तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत करनाल के अस्पताल में लाया गया। जबकि कुछ को मामूली चोटें भी आई हैं, जिनका इलाज गांव में ही चल रहा है। हलवाई द्वारा खाना खुले में बनाया जा रहा था। उसके पास कुछ लोग ही थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य व रिश्तेदार घर के अंदर थे। अभी रिश्तेदारों का आना लगा हुआ था।

बताया जा रहा है कि करीब 250 से 300 लोग इस जन्मदिन समारोह में पहुंचने थे, लेकिन उस वक्त तक कम ही लोग थे। सिलेंडर फटने से साढ़े तीन साल का युवराज भी घायल हो गया। इसके साथ 3 और लोगों की पहचान हुई है, जो करनाल के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। उनमें पुनीत, सत्येंद्र कौर और राजेश शामिल हैं। जबकि 20 से ज्यादा लोग निगदू और कुरुक्षेत्र के अस्पताल में भर्ती हैं। तीन हलवाई थे, जो कि सलारपुर गांव के बताए जा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, जन्मदिन पर कई स्टॉल लगाए गए थे। बताया यह जा रहा है कि पॉपकॉर्न वाला कारिगर सिलेंडर बदल रहा था और इसी कारण हादसा हुआ। दूसरा पहलू यह भी हो सकता है कि सिलेंडर ही लीक हो। परिवार में लंबे समय बाद बेटे विशाल के जन्मदिन को लेकर महीने भर से तैयारियां चल रही थी। रिश्तेदार और परिवार के लोगों में जन्मदिन को लेकर खासा उत्साह था, मगर किसी को नहीं पता था कि खुशी के मौके पर दर्दनाक हादसा हो जाएगा। सिलेंडर फटने की आग में लोग झुलस गए। हादसा होने पर खुशियों का माहौल गमगीन हो गया।(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button