
कानपुर । कानपुर में सरकारी जमीनों पर हुए कब्जे को लेकर बुधवार को कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की तरफ से बड़ी कार्रवाई की गई। केडीए वीसी के आदेश पर सरकारी जमीनों पर हुए कब्जे पर बुलडोजर चलाकर कब्जा मुक्त कराया गया।
जोन तीन के बिहारी पुरवा में करोड़ों रुपयों की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा था। ये कब्जे आज के नहीं बल्कि वर्षों पुराने हैं। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी, लापरवाही और मिलीभगत से भूमाफिया भी इसका खूब फायदा उठाते हैं। ऐसे में जहां सरकारी जमीनों पर अवैध निर्माण होते चले गए वहीं सरकार के साथ ही आम आदमी को भी नुकसान हो रहा है। कार्रवाई न होने से भू माफियाओं के हौसले बुलंद थे, लेकिन अब योगी सरकार भूमाफिया के खिलाफ एक्शन मोड में है, जिसका असर कानपुर में देखने को मिला जहां केडीए वीसी अरविंद सिंह के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया।
बताया जा रहा है कि केडीए की अवैध कब्जे वाली जमीन पर भू माफियाओं ने कब्जा कर रखा था। भू माफियाओं ने अवैध कब्जा कर करोड़ों की जमीन की खरीद फरोख्त कर डाली थी। वीसी ने बताया कि भूमाफियाओं को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही भी की जाएगी। फिलहाल करोड़ों रुपये कीमत की जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया गया है।(हि.स.)



