कुशीनगर । बीते 26 अक्टूबर की रात में उप्र के कुशीनगर जिले के तमकुही राज थाना के हरिहरपुर गांव में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम लूटकांड के चार आरोपी एक मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिए गए। गुरुवार की भोर में पुनः एटीएम लूटने की योजना बनाते वक्त इनकी पुलिस से मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई तो आत्मरक्षा में हुई जवाबी फायरिंग में गोली लगने से चार बदमाश घायल हो गए। शिनाख्त में तीन बदमाश हरियाणा के और चौथा मथुरा का निवासी निकला।
पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने दोपहर में अपने कार्यालय में बुलाई गई प्रेस वार्ता में इस आशय की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि घटना में बदमाशों ने कैश बॉक्स को गैस कटर से काटकर 21.54 लाख रुपए लूट लिया था। यह घटना जिले की पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी। खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पटहेरवा थाना के मतलुक छापर गांव के नजदीक गुरुवार की भोर में एटीएम लूटने की योजना बना रहे थे तभी वहां पुलिस पहुंच गई। जिले की स्वाट टीम,पटहेरवा, तमकुही राज,पडरौना व खड्डा थाने की संयुक्त पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में चारों बदमाश घायल हो गए। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए अपराधियों में 50 हजार का इनामी बदमाश इकराम कुरैशी बिछोर जिला नूहू मेवात हरियाणा,25 हजार का इनामी एजाजुल हक हरियाणा,25 हजार का ही इनामी खालिद पुत्र जलालुद्दीन निवासी पलवल हरियाणा, इकबाल कुरैशी कोसी कला मथुरा के रुप में पहचान हुई है। पकड़े गए चारों बदमाशों को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कर पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुटी है। चारों आरोपियों पर हरियाणा,बिहार व यूपी के विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। सभी अंतरप्रांतीय अपराधी हैं।
मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक पटहेरवा गिरिजेश उपाध्याय, तमुकुही राज के नीरज राय,खड्डा के अमित शर्मा,पडरौना के राज प्रकाश सिंह के अतिरिक्त साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पंत,सर्विलॉस प्रभारी शरद भारती ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।(हि. स.)



