मेरठ । मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के नंगली ईशा गांव में मंगलवार को एक बच्चे का सिर कटा शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान दिल्ली के पांच वर्षीय मानव के रूप में हुई। दिल्ली पुलिस ने आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है।
इंचौली थाना क्षेत्र के नंगली ईशा गांव में मंगलवार को एक बच्चे का सिर कटा शव बरामद हुआ। हत्यारा सिर और एक हाथ काटकर अपने साथ ले गया था। पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया भी गया। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी थी कि दिल्ली के प्रीत विहार थाने की पुलिस अपने साथ दीपक नामक युवक को लेकर इंचौली क्षेत्र में पहुंच गई। इससे पूरी गुत्थी सुलझ गई।
दिल्ली पुलिस ने मेरठ पुलिस को बताया कि यह शव प्रीत विहार थाना क्षेत्र में झुग्गी निवासी हीरालाल के पांच वर्षीय पुत्र मानव का है। उसके पड़ोसी दीपक ने मानव की हत्या करके शव को यहां लाकर फेंक दिया। एसपी देहात केशव कुमार भी मौके पर पहुंचे। आरोपित दीपक ने एसपी देहात को बताया कि 30 नवम्बर को वह अपने साथ मानव को लेकर निक लगया था। तीन दिसम्बर को मेरठ के मवाना में अपने एक रिश्तेदार के यहां रुका। अगले दिन उसने मानव की हत्या कर दी और शव को यहां फेंक दिया।
इस मामले में दिल्ली में 30 नवम्बर को मुकदमा दर्ज किया गया था। मानव के परिजनों ने दीपक पर शक जताया तो पुलिस ने पांच दिसम्बर को दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दीपक ने मानव की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसे साथ लेकर मंगलवार को दिल्ली पुलिस मेरठ पहुंची। इंचौली पुलिस पहले ही मानव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है। पुलिस आरोपित से हत्या के कारण जानने का प्रयास कर रही है।(हि.स.)



