नई दिल्ली । दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने ‘द वायर’ के संस्थापक सिद्धार्थ वरदराजन और एम.के. वेणु के आवासों पर सोमवार को तलाशी अभियान चलाया। दिल्ली पुलिस ने भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय की शिकायत के बाद ‘द वायर’ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें उन्होंने जाली दस्तावेज के जरिए उनकी प्रतिष्ठा खराब करने का आरोप लगाया था।भाजपा के सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय द्वारा ‘धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा’ कर छवि धूमिल करने की शिकायत किए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने शनिवार को समाचार पोर्टल ‘द वायर’ और उसके संपादकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
मालवीय ने शिकायत में कहा था कि पोर्टल ने अपनी खबरों में कहा था कि भाजपा नेता का मेटा (फेसबुक) के साथ गहरा संबंध है और वह भाजपा के हित के खिलाफ समझे जाने वाले किसी भी पोस्ट को हटवा सकते हैं। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। मालवीय ने अपनी शिकायत दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (अपराध) को शिकायत दी थी। भाजपा नेता ने अपनी शिकायत में ‘द वायर’, उसके संस्थापक संपादकों, डिप्टी एडिटर और एक्जेक्यूटिव न्यूज प्रोड्यूसर, फाउंडेशन फॉर इंडिपेंडेंट जर्नलिज्म और अन्य अज्ञात लोगों का नाम दिया था।
वहीं पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420 (धोखाधड़ी), 468 और 469 (फर्जीवाड़ा), 471 (ठगी), 500 (मानहानि), 120बी(आपराधिक साजिश) और 34 (आपराधिक गतिविधि) में मामला दर्ज किया।वहीं घटना के बारे में पूछे जाने पर अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आज की कर्रवाई भी जांच का हिस्सा है।(हि.स.)



