
मुुरादाबाद । थाना सिविल लाइन क्षेत्र के कांठ रोड स्थित अकबर किले के सामने गुरुवार शाम को तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी जिसमें पूर्व प्रधान की पत्नी और उनकी भांजी दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के दौरान पूर्व प्रधान की भतीजी भी घायल हुई जिसका इलाज कांठ रोड के निजी अस्पताल में चल रहा है।
मुरादाबाद के कुंदरकी स्थित ग्राम भीकनपुर कुलवाड़ा के पूर्व प्रधान वीर सिंह परिवार के साथ खुशहालपुर की बैंक कॉलोनी में रहते हैं। उनकी बेटी सिमरन आरएसडी एकेडमी से नर्सिंग कर रही है। गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे वीर सिंह की पत्नी कुसुम (46 वर्ष) अपनी भांजी तान्या और शिवांगी (2 वर्ष) को साथ लेकर स्कूटी से बेटी के कॉलेज उसे लेने जा रही थी। कांठ रोड पर अकबर किले के पास सड़क पार करते समय पीलीकोठी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। जिसमें कुसुम व शिवांगी
की मौके पर ही मौत हो गई और तान्या घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रक खड़ा कर चालक भाग गया। घटनास्थल पर काफी लंबा जाम लग गया जिसे खुलवाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया वहीं घायल तानिया को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही कुसुम के परिजन मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
थाना सिविल लाइन इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि महिला और बच्ची का शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। घायल लड़की की हालत गंभीर है।(हि.स.)



