
मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में जाने माने चार्टर्ड एकाउंटेंट श्वेताभ तिवारी की बुधवार रात को सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। सप्ताह में हत्या की दूसरी बडी वारदात से उद्यमियों में दहशत का माहौल है।
अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) जोन बरेली प्रेमप्रकाश मीणा ने गुरुवार को बताया कि हत्याकांड के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम गठित कर दी गई हैं, साक्ष्य और तथ्य जुटाए जा रहे हैं। दिल्ली रोड पर बैंक आफ बड़ौदा के सामने अंसल टावर के समीप बुधवार देर रात चार्टर्ड अकाउंटेंट श्वेताभ तिवारी की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना के समय वह दफ्तर से निकले थे।
रात को भी करीब 9:15 बजे बंसल कांप्लेक्स के गार्ड ने पुलिस को कॉल किया। बताया कि ऑफिस से घर की ओर जाने की तैयारी में जुटे श्वेताभ तिवारी को किसी ने गोली मार दी है। खून से लथपथ है सीए ऑफिस के सामने गिरे पड़े हैं। पुलिस तत्काल घटनास्थल पर रवाना हो गई। इधर कांप्लेक्स के गार्ड ने श्वेता तिवारी को कुछ ही दूरी पर स्थित एपेक्स अस्पताल में लाया।
वहां सीए को देखते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीए के चेहरे पर दाहिनी कनपटी के नीचे पुलिस को गोली के निशान मिले हैं। वारदात का पता चलते ही एसपी हेमराज मीना, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया व पुलिस के अन्य अफसर एपेक्स अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस घटना की जांच में जुटी है। वारदात की तह तक जाने की कोशिश में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज पुलिस खंगाल रही है। अब तक की जांच से यह साफ नहीं हो सका है कि हमलावर कौन थे? वारदात बाद वह किधर भाग निकले। पुलिस मृतक के परिजनों की मदद से घटना की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।



