
मुंबई । मिश्रित वैश्विक संकेतों से आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार लाल निशान पर खुला लेकिन सेंसेक्स अब भी 50 हजार के पार है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 113.20 अंकों (0.23 फीसदी) की गिरावट के साथ 50080.13 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 32.90 अंक (0.22 फीसदी) नीचे 15075.20 के स्तर पर खुला। आज 1161 शेयरों में तेजी आई, 540 शेयरों में गिरावट आई, वहीं 71 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। अवकाश के कारण कम कारोबारी दिवस वाले पिछले सप्ताह में बीएसई सेंसेक्स में 473.92 अंक यानी 0.96 फीसदी की गिरावट आई।
मंगलवार को सभी अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोंस 0.78 फीसदी की गिरावट के साथ 267.13 अंक नीचे 34,060.70 पर बंद हुआ। नैस्डैक 0.56 फीसदी की गिरावट के साथ 75.41 अंक नीचे 13,303.60 पर बंद हुआ। फ्रांस और जर्मनी के बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे। जापान का निक्केई इंडेक्स 454 अंक नीचे 27,952 पर कारोबार कर रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 15 अंक की गिरावट के साथ 3,513 पर है। हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 446 अंक ऊपर 28,589 पर है। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 38 अंकों की बढ़त के साथ 3,173 पर आ गया। ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरीज इंडेक्स 124 अंक नीचे 7,175 पर पहुंच गया है।
इससे पहले दो कारोबारी सत्रों में शेयर बाजार में आई जोरदार तेजी से निवेशकों की संपत्ति में कुल पांच लाख 78 हजार 634 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई। इसमें मंगलवार को हुआ दो लाख 74 हजार 908 करोड़ रुपये का लाभ भी शामिल है। पिछले दिनों कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में कमी आने और आर्थिक गतिविधियों में सुधार की उम्मीदों से शेयर बाजार में तेजी का रुख रहा।
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान एल एंड टी, नेस्ले इंडिया, पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट, डॉक्टर रेड्डी, सन फार्मा, एसबीआई, भारती एयरटेल, एचडीएफसी, आईटीसी, एनटीपीसी और टाइटन के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस, बजाज फिनसर्व, ओएनजीसी, एशियन पेंट्स, एम एंड एम, एचसीएल टेक, बजाज ऑटो और इंडसइंड बैंक, मारुति और टीसीएस लाल निशान पर खुले। प्री ओपन के दौरान सुबह 9.04 बजे सेंसेक्स 45.61 अंक (0.09 फीसदी) नीचे 50147.72 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 18.90 अंक (0.13 फीसदी) नीचे 15089.20 पर खुला था।
विश्लेषकों का कहना है कि इस सप्ताह शेयर बाजार की चाल सूचीबद्ध कंपनियों के तिमाही परिणाम, टीकाकरण अभियान की गति और वैश्विक बाजार की प्रवृत्ति से तय होगी। इस सप्ताह भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, इंडियन ऑयन कॉरपोरेशन, हैवेल्स, हिंडाल्को और फेडरल बैंक जैसी कुछ कंपनियों के तिमाही परिणाम आने हैं। इसके अलावा निवेशकों का सोमवार को जारी होने वाले थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति पर भी ध्यान होगा।
देश की शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण में पिछले सप्ताह संयुक्त रूप से 1,13,074.57 करोड़ रुपये की कमी आई। इसमें सर्वाधिक नुकसान में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इंफोसिस और एचडीएफसी बैंक रहे। शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से केवल दो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय स्टेट बैंक साप्ताहिक आधार पर लाभ में रहे। पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 462.60 अंकों (0.93 फीसदी) की तेजी के साथ 50043.33 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 148.30 अंक (0.99 फीसदी) ऊपर 15071.50 के स्तर पर खुला था।
मंगलवार को शेयर बाजार में बढ़त का सिलसिला जारी रहा और यह हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 612.60 अंक यानी 1.24 फीसदी ऊपर 50193.33 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 184.95 अंक यानी 1.24 फीसदी की तेजी के साथ 15108.10 के स्तर पर बंद हुआ था।



