![](https://i0.wp.com/cmgtimes.com/wp-content/uploads/2021/03/19df7370-f5ed-435c-9132-d4514785bec9.jpg?fit=694%2C339&ssl=1)
बाइक रेसिंग ने बुझाया 3 घरों का दीपक ,दर्दनाक दुर्घटना में गई किशोरों की जान
मध्यप्रदेश। शहर की खुली सड़क पर अपनी अपनी बाइक की क्षमता का प्रदर्शन कर रेसिंग कर रहे किशोरों की प्रतियोगिता का अंत भीषण दुर्घटना से हुआ। इस दुर्घटना में घायल तीन किशोरों की मृत्यु हो गई। घटना जबलपुर के ग्वारीघाट की है। बीते गुरुवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल है जिसे उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।
मित्र के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने की थी जल्दी
बताया गया कि चारों किशोर अपने साथियों के साथ मित्र की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए तेज गति से ग्वारीघाट की तरफ जा रहे थे। दो बाइक्स में सवार चारों किशोर हवा से बातें करते तथा एक दूसरे से रेस करते हुए आस्था नगर के पास पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक अनियंत्रित होकर भीषण दुर्घटना की शिकार हो गई। इस सड़क दुर्घटना में दो किशोरों की वहीं मौत हो गई, जबकि तीसरे किशोर ने शुक्रवार की सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसा और हताहत
प्राप्त जानकारी के अनुसार आमनपुर मदनमहल निवासी हर्ष उर्फ हर्षित बर्मन (17) समीर उर्फ शंभु झारिया (18) और लोधी मोहल्ला निवासी ललित डेहरिया (19) अमन नामक मित्र की बर्थडे पार्टी में सम्मिलित होने जा रहे थे। चुंकि इन किशोरों के कुछ साथी आगे चले गए थे और दो मोटर साइकिलों पर सवार चार किशोर पीछे रह गए थे। आस्था नगर पहुंचते ही चारों किशोरों में रेसिंग की शर्त लगी और फिर दोनों ही मोटर साइकिल सवार एक दूसरे से आगे निकलने के लिए मोटर साइकिलों की गति को तेज कर दिया। फर्राटा भरते वे आस्था नगर के समीप पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। इस घटना में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य किशोरों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। इलाज के लिए भर्ती तीसरे युवक ने शुक्रवार की सुबह दम तोड़ दिया। इस भीषण दुर्घटना की खबर फैलने के बाद क्षेत्र में मातम पसर गया।
इनका कहना है कि..
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर गोपाल खांडेल का कहना है कि ऐसे किशोर जो तेज रफ्तार से बाइक चलाते हैं उनके परिजनों से अपील है कि वे अपने बच्चों को बाइक देते समय यह ध्यान रखें कि बच्चे तेज रफ्तार बाइक न चलाएं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।