Health

कोरोना ने फिर पकड़ी रफ़्तार : 24 घंटे में 16,488 नए मामले, 113 की मौत

जानें दोबारा क्यों बढ़ रहा कोरोना का कहर

नई दिल्ली । देश में पिछले एक साल से कोरोना वायरस का कहर जारी है। देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का ग्राफ चढ़ने लगा है। पिछले कई दिनों से कोरोना के दैनिक मामलों में बढ़ोतरी जारी है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 16,488 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस अवधि में कोरोना वायरस से 113 लोगों की जान चली गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को जानकारी दी।

जानें दोबारा क्यों बढ़ रहा कोरोना का कहर…

देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के नए मामलों और सक्रिय मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इससे निपटने के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकारों की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 16,488 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,10,79,979 पहुंच गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना की वजह से 113 मरीजों की मौत हो गई, जिसके चलते देश में कोरोना से जान गंवाने वालों की कुल संख्या 1,56,938 हो गई हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 12,771 कोरोना मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इसी के साथ देश में अब तक 1,07,63,451 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में सफल रहे हैं। रोजाना आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या घट गई है। इससे कोरोना के सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इससे पहले, कोरोना संक्रमण के नए मरीजों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक होती थी। देश में फिलहाल कोरोना के सक्रिय मामले 1,59,590 हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में 1,42,42,547 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है।

विशेषज्ञ मान रहे हैं कि जांच में कमी, नया स्ट्रेन व टीकाकरण में देरी समेत पांच ऐसे कारण हैं, जो काबू में आई महामारी की स्थिति को फिर से बिगाड़ रहे हैं। इस पर सरकार को तुरंत कदम उठाना होगा। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के डाटा के मुताबिक, पिछले साल सितंबर में देश में हर दिन दस लाख से ज्यादा नमूनों की कोविड-19 जांच की जा रही थी। लेकिन इस साल फरवरी आते-आते देश में जांच में कमी की गई है। अब हर दिन छह से आठ लाख नमूनों की ही जांच हो रही है। बीते चौबीस घंटों में भी देश में 8,31,807 नमूनों की जांच हुई। देश में अबतक कुल 21,46,61,465 नमूनों की जांच हो चुकी है।

देश में रोजाना होने वाली कोरोना जांच की दर घट जाने के बावजूद नमूनों के पॉजिटिव होने की दर पांच प्रतिशत से अधिक बनी हुई है। यह स्थिति बताती है कि जरूरत से कम जांचें हो रहीं हैं और जितनी जांचें हो रही हैं, उनमें पॉजिटिव केसों की पुष्टि की दर अधिक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन मानता है कि किसी भी देश की जांच पॉजिटिविटी दर लगातार दो सप्ताह तक पांच प्रतिशत या इससे कम होनी चाहिए तब ही संक्रमण पर नियंत्रण किया जा सकता है।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button