‘मेरा यूपी, मेरा बिहार’ से सजा तीज का रंग, भोजपुरी तड़के और कजरी ने वाराणसी में बांधा समां
वाराणसी में भारत विकास परिषद वरुणा की ओर से ‘मेरा यूपी, मेरा बिहार’ थीम पर तीज तरंगिणी पारिवारिक मिलन महोत्सव आयोजित किया गया। चांदमारी रिंग रोड स्थित सेलिब्रेशन लॉन में हुए आयोजन में तीज गीत, भोजपुरी तड़का, कजरी और नृत्य-नाटिका ने यूपी-बिहार की लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया। महिलाओं ने सोलह श्रृंगार के साथ उत्सव में भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया और पारिवारिक आत्मीयता के साथ लोक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।
वाराणसी। भारत विकास परिषद वरुणा, काशी प्रांत एनसीआर-2 की ओर से चांदमारी रिंग रोड स्थित सेलिब्रेशन लॉन में ‘मेरा यूपी, मेरा बिहार’ थीम पर तीज तरंगिणी पारिवारिक मिलन महोत्सव उल्लासपूर्वक मनाया गया। उत्तर प्रदेश और बिहार की लोक परंपराओं, संस्कृति और तीज के पारंपरिक रंगों से सजे आयोजन में महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर तीज गीतों पर उत्सव मनाया। भोजपुरी तड़का, कजरी और नृत्य-नाटिका ने यूपी-बिहार की सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरत झलक पेश की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय महिला सहभागिता डॉ. शिप्रा धर एवं बाल कल्याण अध्यक्ष स्नेहा उपाध्याय ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्वलन से किया। डॉ. शिप्रा धर, लवली श्रीवास्तव, नीतू सिंह, कुमकुम सिंह और शिल्पी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पूर्व प्रांतीय महिला सहभागिता मीना सिंह ने कजरी प्रस्तुत कर समां बांध दिया।

गतिविधि संयोजक संस्कार नीतू सिंह ने कहा कि ‘मेरा यूपी, मेरा बिहार’ जैसी थीम पारिवारिक आयोजनों के जरिए दोनों राज्यों की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जोड़ने का अवसर देती है। ऐसे आयोजन सदस्यों के बीच आत्मीयता बढ़ाने के साथ महिलाओं को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच भी देते हैं।
आयोजन में अध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश यादव, सचिव दिनेश जायसवाल, कोषाध्यक्ष जे.पी. सिंह, निवर्तमान सचिव एवं प्रांतीय सह महिला सहभागिता लवली श्रीवास्तव, महिला सहभागिता निधि सिंह और सीमा यादव सहित पदाधिकारियों व सदस्यों का योगदान रहा। इस अवसर पर क्षेत्रीय महासचिव सुदीप टंडन, प्रांतीय अध्यक्ष हरीश वालिया, प्रांतीय सचिव डॉ. सचिन अग्रवाल, प्रांतीय महिला सहभागिता डॉ. प्रियंका जायसवाल, काशी प्रांत संरक्षक अभय सिंह, मीना सिंह और रमेश लालवानी समेत वरुणा शाखा परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
यूपी में अब कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर, वाहन चोरी की जगह वाहन निर्माण: अमित शाह



