Varanasi

मैरी कॉम के मार्गदर्शक से द्रोणाचार्य तक, छोटे लाल यादव की साधना को मिला सम्मान

भारतीय महिला मुक्केबाजी के दिग्गज कोच छोटे लाल यादव का चयन प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य सम्मान के लिए हुआ है। मैरी कॉम के करियर को नई दिशा देने और जैस्मिन लैम्बोरिया जैसी प्रतिभाओं को विश्व मंच तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रही है। बरेका परिवार से जुड़े छोटे लाल यादव की उपलब्धि पर वाराणसी और बनारस रेल इंजन कारखाना में गर्व और खुशी का माहौल है। बरेका जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने उनके आवास पहुंचकर अभिनंदन किया।

वाराणसी। मुक्केबाजी के रिंग में जब कोई खिलाड़ी जीत का परचम लहराता है तो तालियां उसके नाम की गूंजती हैं, लेकिन उस जीत के पीछे कोच की वर्षों की तपस्या, रणनीति, अनुशासन और अदृश्य मेहनत होती है। भारतीय महिला मुक्केबाजी के ऐसे ही समर्पित और कुशल कोच श्री छोटे लाल यादव की वर्षों की खामोश साधना अब देश के प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य सम्मान से सम्मानित होने जा रही है।

महान मुक्केबाज एम.सी. मैरी कॉम के शानदार करियर को नई ऊर्जा देने से लेकर जैस्मिन लैम्बोरिया को विश्व चैंपियन बनाने तक श्री छोटे लाल यादव ने यह साबित किया कि हर खिलाड़ी को केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि उसकी क्षमता और आवश्यकता को समझने वाली व्यक्तिगत रणनीति की जरूरत होती है। उनकी इसी विशिष्ट कोचिंग शैली ने उन्हें भारतीय खेल जगत में एक अलग पहचान दिलाई है।

श्री छोटे लाल यादव के द्रोणाचार्य सम्मान के लिए चयन की खबर से बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के खेल जगत और बरेका परिवार में हर्ष एवं गौरव का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत कोचिंग जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि बरेका और पूरे वाराणसी के लिए भी गौरव का क्षण है।

बरेका से जुड़ा है गौरवपूर्ण रिश्ता

बरेका के जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार ने बताया कि श्री छोटे लाल यादव का बरेका परिवार से विशेष और गौरवपूर्ण रिश्ता है। उनके पिता श्री राधा कृष्ण यादव बरेका की सब-असेंबली शॉप में टेक्नीशियन (मशीनिस्ट) के पद पर कार्यरत रहे तथा वर्ष 2011 में सेवानिवृत्त हुए।

उन्होंने कहा कि बरेका के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के सुपुत्र का देश के प्रतिष्ठित खेल सम्मान से सम्मानित होना पूरे बरेका परिवार के लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है। श्री छोटे लाल यादव की सफलता इस बात का भी प्रमाण है कि बरेका से जुड़े परिवारों की प्रतिभाएं अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।

घर पहुंचकर किया अभिनंदन

श्री छोटे लाल यादव के द्रोणाचार्य सम्मान के लिए चयनित होने पर बरेका के जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार ने उनके आवास पर पहुंचकर माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया तथा हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर श्री राजेश कुमार ने कहा कि श्री छोटे लाल यादव की यह उपलब्धि बरेका के लिए विशेष गौरव का विषय है। उनकी सफलता न केवल युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी, बल्कि बरेका से जुड़े परिवारों की प्रतिभा और उपलब्धियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगी।

उन्होंने कहा कि द्रोणाचार्य सम्मान श्री छोटे लाल यादव की वर्षों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और भारतीय मुक्केबाजी के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है। यह बरेका परिवार के लिए भी ऐसा गौरवपूर्ण क्षण है, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

बरेका परिवार की ओर से श्री छोटे लाल यादव को प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य सम्मान के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं तथा कामना की गई कि उनके मार्गदर्शन में भारतीय महिला मुक्केबाजी आने वाले वर्षों में विश्व मंच पर और अधिक ऊंचाइयां हासिल करे।

रेलवे को मिलेगी नई रफ्तार, 4 राज्यों में 9,450 करोड़ की परियोजनाओं पर मुहर

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button