कूड़े से पटी पोखरी बनेगी पर्यटन केंद्र, 38 साल बाद मुक्त जमीन पर शुरू हुआ कायाकल्प
वाराणसी की ककरमत्ता पोखरी को पर्यटन केंद्र और आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जा रहा है। 38 साल पुराने अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई करीब 100 करोड़ रुपये की सरकारी जमीन पर पुनरुद्धार कार्य जारी है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
वाराणसी: काशी में सार्वजनिक स्थलों के विकास और शहर की सुंदरता बढ़ाने की दिशा में नगर निगम एक और महत्वपूर्ण पहल कर रहा है। बीएलडब्ल्यू रोड स्थित ककरमत्ता पोखरी को आकर्षक पर्यटन केंद्र एवं पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जा रहा है। पोखरी के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने मौके पर पहुंचकर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी तथा कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोखरी के पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने और परियोजना को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि शहरवासियों को जल्द इस स्थल पर विकसित होने वाली सुविधाओं का लाभ मिल सके।
ककरमत्ता पोखरी का विकास नगर निगम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। करीब 38 वर्षों से विवाद और अवैध कब्जे में रही इस सरकारी संपत्ति को हाल ही में कब्जे से मुक्त कराया गया है। लगभग डेढ़ बीघा क्षेत्रफल में फैली इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पोखरी को लंबे समय तक कूड़ा-कचरा डालकर पाटने का प्रयास किया गया था, जिससे इसका मूल स्वरूप प्रभावित हो गया था।
अब नगर निगम प्रशासन पोखरी को उसके पुराने स्वरूप में लौटाने के साथ-साथ एक सुंदर, स्वच्छ और हरित सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने में जुटा है। मौके पर जेसीबी और पोकलैंड मशीनों की मदद से सफाई, खुदाई तथा पुनरुद्धार कार्य कराया जा रहा है। विकास कार्य पूरा होने के बाद यह स्थल स्थानीय नागरिकों के लिए मनोरंजन, सैर-सपाटे और पर्यटन की दृष्टि से आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अतुल पांडेय, स्थानीय पार्षद सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।



