National

संसद में 3 दिन का बड़ा खेल: सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक के लिए भेजा प्रस्ताव

संसद के मानसून सत्र की बैठकें पुनः बुलाने को लेकर केंद्र सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से बुलाए जाने की संभावना है। संसदीय कार्य मंत्री किरेण रिजिजू के अनुसार, जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के आधार पर दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर तक चल सकती है। इस दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। विपक्ष ने सत्रावसान नहीं करने पर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।

नयी दिल्ली : संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों के बीच सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक क्रमश: 30 नवम्बर और दो दिसम्बर से पुन: बुलाने का अनुरोध किया है।संसदीय कार्य मंत्री किरेण रिजिजू ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि जरूरी सरकार कामकाज निपटाने के लिए सदन की बैठक 30 नवम्बर को पुन: आहूत की जाए। इसी तरह राज्यसभा के सभापति से सदन की बैठक दो दिसम्बर को बुलाने का अनुरोध किया गया है।

उन्होंने कहा कि दोनों सदनों की बैठकें कामकाज को देखते हुए तीन दिसम्बर तक चल सकती हैं।श्री रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “सरकार ने लोकसभा के अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा को 30 नवम्बर से और राज्यसभा को दो दिसम्बर से पुन: आहुत करने का अनुरोध किया है। कामकाज को निपटाने के आधार पर दोनों सदनों की बैठक तीन दिसम्बर तक चल सकती है।”संसदीय कार्य मंत्री ने इस बात का कोई जिक्र नहीं किया है कि इन बैठकों में क्या जरूरी कामकाज निपटाया जायेगा लेकिन ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार इन बैठकों के दौरान परिसीमन विधेयक तथा महिला आरक्षण विधेयक पारित कराने की कोशिश कर सकती है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ था और 13 अगस्त को दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई थी लेकिन अभी तक औपचारिक रूप से सत्रावसान नहीं किया गया था। इस तरह दोनों सदनों की ये बैठकें मानसून सत्र का ही विस्तार होंगी।आमतौर पर मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के कुछ दिन बाद सत्रावसान कर दिया जाता है और नवम्बर के अंतिम सप्ताह में शीतकालीन सत्र बुलाया जाता है। सत्रावसान करने के बाद नए सत्र के लिए राष्ट्रपति से अनुमति ली जाती है लेकिन इस बार मानूसन सत्र का सत्रावसान न किए जाने की वजह से राष्ट्रपति की अनुमति की जरूरत नहीं है।

विपक्ष मानसून सत्र का सत्रावसान न किए जाने को लेकर सरकार की नीयत पर सवाल उठाता रहा है और इसे संसदीय परंपराओं का उल्लंघन करार देता रहा है। विपक्षी दलाें विशेष रूप से कांग्रेस का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी का संंसदीय लोकतंत्र में भरोसा नहीं है। विपक्ष लगातार यह भी कहता रहा है कि सरकार परिसीमन विधेयक तथा महिला आरक्षण संबंधी विधेयक को जोड़ तोड़ से पारित कराने के लिए अचानक संसद की बैठक बुलाना चाहती है इसीलिए मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं किया जा रहा है।सरकार गत अप्रैल में परिसीमन विधेयक लोकसभा में लाई थी लेकिन इसके विपक्ष की एकजुटता के कारण मतविभाजन में विधेयक गिर गया था।

संविधान संशोधन विधेयक होने के कारण इसे पारित कराने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। इस बीच सरकार इन विधेयकों को पारित कराने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों से परोक्ष रूप से बातचीत करती रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा कई अन्य मंत्री लगातार यह कहते रहे हैं कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार महिला आरक्षण विधेयक पारित अवश्य कराएगी। (वार्ता)

नौकरी नहीं, अपना कारोबार: सीएम युवा योजना में आजमगढ़ और बलिया का शानदार प्रदर्शन

Related Articles

Back to top button