लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं, नगर आयुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी
वाराणसी नगर निगम की विभागीय समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने सभी विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, पेयजल-सीवर परियोजनाओं, संपत्ति कर वसूली और स्ट्रीट लाइटों की समीक्षा की गई। शहर में 88,726 स्ट्रीट लाइटों की जानकारी सामने आई। नगर आयुक्त ने स्वच्छता रैंकिंग सुधारने, जलभराव दूर करने, घाटों की मरम्मत तथा भ्रष्टाचार और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वाराणसी : नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने नगर निगम के सभी विभागों से कार्य समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया है । नगर आयुक्त की अध्यक्षता में गुरुवार को निगम के सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का प्रस्तुतीकरण दिया गया। जन्म-मृत्यु पंजीकरण के संबंध में अवगत कराते हुए समय से प्रमाणपत्र निर्गत करने के निर्देश दिए गए। एमआरएफ प्लांट के लिए भूमि चयन हेतु राजस्व विभाग को निर्देशित किया गया। साथ ही मैकेनिकल स्वीपिंग, आरआरआर, वेस्ट टू वंडर और लिगेसी वेस्ट निस्तारण की जानकारी दी गई।
नगर आयुक्त ने साफ-सफाई की नियमित मॉनिटरिंग करने, घाटों व डस्टबिन पर जागरूकता स्लोगन लिखवाने, पक्के महाल क्षेत्र की गलियों में कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति रोकने के लिए कार्ययोजना बनाने तथा जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
संपत्ति कर व कर की समीक्षा के दौरान जोनल अधिकारियों को बोगस डिमांड से संबंधित प्रकरणों की जांच कर निस्तारण करने को कहा गया। करेत्तर विभाग के सभी मदों की जानकारी प्राप्त कर वसूली बढ़ाने पर जोर दिया गया। वहीं, परिवहन विभाग की समीक्षा अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने प्रस्तुत की, जिसमें विभागवार संचालित वाहनों का विवरण रखा गया।
पेयजल-सीवर कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता अनिवार्य
जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह व जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर कमल सिंह ने 22 वार्डों में पेयजल व सीवर लाइन कार्यों की प्रगति, ओएचटी निर्माण में भूमि विवाद, रामनगर पेयजल प्रकरण, 1132 किमी लंबी लाइन, संचालित एसटीपी, पंपिंग स्टेशन तथा वरुणा इंटरसेप्टर की डीपीआर शासन को भेजे जाने की जानकारी दी। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिन स्थानों या भूमि पर एनओसी प्राप्त हो गई है, वहां ओएचटी निर्माण शीघ्र कराया जाए और जहां ट्यूबवेल की स्थिति है, वहां कार्य प्रारंभ किया जाए।
सहायक नगर आयुक्तों को भूमि परीक्षण व मच्छोदरी पार्क के पीछे की भूमि निस्तारित करने, जल निगम को कार्य में तेजी लाने तथा शिकायतें बढ़ने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। चितईपुर क्षेत्र के मुख्य मार्ग व कालोनियों में जल जमाव की स्थिति स्वीकृत परियोजनाओं को पीडब्ल्यूडी से समन्वय स्थापित कराने तथा कार्य कराने के साथ ही घाटों पर पानी न बहने देने और मणिकर्णिका घाट की मरम्मत कराकर तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए।
शहर को रोशन कर रही 88,726 स्ट्रीट लाइटें
आलोक विभाग की समीक्षा में बताया गया कि शहर में कुल 88,726 लाइटें हैं, जिनमें हेरिटेज लाइट, स्मार्ट सिटी के तहत, पार्षद कोटा और ह्रदय योजना की लाइटें शामिल हैं। ईईएसएल की 36,000 लाइटों को तत्काल देखने तथा आकर्षक लाइटें लगाने के प्रस्ताव हेतु स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए गए। सीएफओ मनीष शुक्ला ने बजट व आय-व्यय के मदवार ब्यौरे की जानकारी दी और पेंशन व अन्य बकाया संबंधी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
बैठक में अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त व जोनल अधिकारी (भेलूपुर) कृष्णचन्द्र,पीआरओ संदीप श्रीवास्तव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी कुमार असीम रंजन, राजस्व निर्धारण अधिकारी व जोनल अधिकारी (रामनगर) रीता रानी विक्रम, संयुक्त नगर आयुक्त व जोनल अधिकारी (वरूणापार), विभागाध्यक्ष (विज्ञापन) जितेन्द्र कुमार आनन्द, सहायक नगर आयुक्त व जोनल अधिकारी (सारनाथ) इन्द्र विजय, सहायक नगर आयुक्त व जोनल अधिकारी (कोतवाली/दशाश्वमेध) मृत्युन्जय नारायण मिश्रा, सहायक नगर आयुक्त व जोनल अधिकारी (आदमपुर) पवन कुमार गुप्ता, जोनल अधिकारी (ऋषिमाण्डवी) मुन्नालाल राम, उद्यान अधीक्षक विजय कुमार सिंह, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृत राज, जोनल स्वच्छता अधिकारी संदीप भार्गव, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, जल निगम के अधिकारी व समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सपा का 2027 घोषणापत्र जारी: 25 लाख सरकारी नौकरियां, किसानों की कर्जमाफी और युवाओं को 5,000 भत्ता



