
दीपोत्सव के बाद भी दीयों का उपयोग जारी, काशी में मिट्टी के अवशेषों से बनेगी ईंट
वाराणसी में देव दीपावली 2026 के बाद नगर निगम ने पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल की है। गंगा घाटों को रोशन करने वाले करीब 21 लाख मिट्टी के दीयों के अवशेष एकत्र किए गए हैं। लगभग 42 से 50 मीट्रिक टन सामग्री 35 हॉपर और 30 ट्रैक्टर ट्रिप से सीर गोवर्धन डाफी स्थित सीएंडडी वेस्ट प्लांट पहुंचाई गई। वैज्ञानिक प्रसंस्करण के बाद इनसे ईंट, पेवर ब्लॉक और अन्य निर्माण सामग्री तैयार की जाएगी। यह पहल वेस्ट टू वेल्थ और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देगी।
वाराणसी। देव दीपावली पर गंगा घाटों को रोशन करने वाले करीब 21 लाख मिट्टी के दीयों के अवशेष अब निर्माण सामग्री के रूप में उपयोग किए जाएंगे। वाराणसी नगर निगम ने आयोजन के बाद घाटों से एकत्रित दीयों और संबंधित सामग्री का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण शुरू कर दिया है। इसके तहत करीब 42 से 50 मीट्रिक टन सामग्री सीर गोवर्धन, डाफी स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट पहुंचाई गई है।
देव दीपावली आयोजन संपन्न होने के बाद नगर निगम की विशेष टीमों और सफाईकर्मियों ने घाटों की सीढ़ियों, पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान इस्तेमाल किए गए मिट्टी के दीयों और उनके अवशेषों को एकत्रित कर निर्धारित वाहनों के माध्यम से प्लांट तक पहुंचाया गया। इस कार्य में 35 हॉपर और 30 ट्रैक्टर ट्रिप का उपयोग किया गया।
नगर निगम के प्लांट में एकत्रित सामग्री की क्रशिंग, स्क्रीनिंग और पृथक्करण की प्रक्रिया के माध्यम से वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जा रहा है। इसके बाद प्राप्त उपयोगी सामग्री से ईंट, पेवर ब्लॉक और अन्य निर्माण संबंधी उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इस पहल के जरिए आयोजन के बाद उत्पन्न अपशिष्ट को पुनः उपयोग में लाने की व्यवस्था की गई है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी के निर्देश पर संचालित इस अभियान का उद्देश्य घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से उत्पन्न अपशिष्ट का बेहतर प्रबंधन करना है। नगर निगम ने पिछले वर्ष भी देव दीपावली के बाद एकत्रित मिट्टी के दीयों का सीएंडडी वेस्ट प्लांट में प्रसंस्करण कराया था। इस वर्ष भी उसी पहल को आगे बढ़ाया गया है।
नगर निगम की यह पहल ‘वेस्ट टू वेल्थ’ और ‘सर्कुलर इकोनॉमी’ की अवधारणा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत अपशिष्ट को कचरे के बजाय उपयोगी संसाधन के रूप में परिवर्तित कर निर्माण कार्यों में इस्तेमाल करने पर जोर दिया जा रहा है। इससे सामग्री के पुनः उपयोग को प्रोत्साहन मिलने के साथ प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।
देव दीपावली जैसे बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के बाद घाटों की सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन को आयोजन का अभिन्न हिस्सा बनाते हुए नगर निगम ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। काशी की इस पहल में परंपरा के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी सामने आया है।
कूड़े से पटी पोखरी बनेगी पर्यटन केंद्र, 38 साल बाद मुक्त जमीन पर शुरू हुआ कायाकल्प



