Crime

बस में आग लगने से नौ लोगों की मौत

चंडीगढ़ : हरियाणा के नूह में शुक्रवार देर रात एक चलती बस में आग लग जाने से मथुरा-वृंदावन से लौट रहे नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और करीब 20 अन्य घायल हो गए।पुलिस ने बताया कि बस मथुरा-वृंदावन से पंजाब के लिए निकली थी और कुंडली-मनेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर नूह के निकट इसमें आग लग गई। बस में 60 यात्री थे। यह लोग पंजाब और चंडीगढ़ से थे।दुर्घटना करीब रात दो बजे हुई। घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में दाखिल कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि बस में लगभग 60 लोग सवार थे और सभी पंजाब के होशियारपुर और लुधियाना के रहने वाले थे। ये लोग मथुरा-वृंदावन से लौट रहे थे। उसने बताया कि सभी लोग आपस में सगे-संबंधी हैं। सदर ताउरू के थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया, ‘‘दुर्घटना में छह महिलाएं और तीन पुरुष, कुल नौ लोगों की मौत हो गई। 15 लोग घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर है।’’उन्होंने कहा, ‘‘ आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चला है। जांच जारी है।’’ एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि कुछ लोगों ने बस में आग लगी देखी और वाहन का पीछा कर चालक को बस रोकने को कहा। उन लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को भी घटना की जानकारी दी।

बस में सवार पीड़ित श्रद्धालु सरोज पुंज व पूनम ने बताया कि बीते शुक्रवार को एक टूरिस्ट बस किराए पर कर बनारस और मथुरा वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। बस में 60 लोग सवार थेजिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। यह सभी नजदीकी रिश्तेदार थे जो पंजाब के लुधियाना, होशियारपुर और चंडीगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार-शनिवार की रात वह दर्शन कर वापस लौट रहे थे। देर रात डेढ़ बजे के करीब बस में आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने बताया कि वह आगे की सीट पर बैठी हुई थीं। किसी तरह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें निकाल लिया गया।ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया।साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी बहुत देर से पहुंची। तब तक बस में सवार लोग बुरी तरह झुलस चुके थे। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button