Crime

रामद्रोही सिर्फ परिवार के लिये राजनीति करते हैं : सीएम योगी

  • बोले, राम मंदिर पर उंगली उठाने वाले मस्जिद पर क्यों रहते हैं मौन

उन्नाव : राम भक्तों की राजनीति राष्ट्र के लिए होती है। वहीं रामद्रोहियों की राजनीति परिवार के लिए होती है। वह अपने परिवार से ज्यादा कुछ नहीं सोचते हैं। समाजवादी पार्टी ने अपने ही परिवार के लोगों को टिकट दिया है। वर्तमान में यह पांच सीटों पर लड़ रहे हैं। अभी इनके बच्चे और नाती पोते होने दीजिये, वह भी चुनाव लड़ेंगे। ऐसे लोगों की वजह से ही विकास कार्य ठप पड़ते हैं। देश और प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा होता है। सुरक्षा खतरे में पड़ती है और माफिया हावी होते हैं। यह जनता का खून चूसते हैं और बेटी-व्यापारी असुरक्षित होते हैं।

वहीं जब राजनीति राष्ट्र के लिए होती है तो दुनिया में देश का सम्मान होता है। देश की सीमाएं सुरक्षित होती हैं और विकास के बड़े-बड़े कार्य होते हैं। गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के जनता जनार्दन को प्राप्त होता है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उन्नाव लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्हाेंने लोकसभा प्रत्याशी और सांसद साक्षी महाराज के पक्ष में वोट की अपील की।

कांग्रेस के बुद्धिदाता कहते हैं देश में नहीं बनना चाहिये था राम मंदिर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने शासनकाल में आतंकवादियों के मुकदमे वापस ले रही थी। इन लोगों ने अयोध्या, रामपुर में सीआरपीएफ कैंप, काशी में संकट मोचन मंदिर, लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी की कचहरी पर हमला करने वाले आतंकियों के मुकदमों को वापस लेने का प्रयास किया था। इस पर न्यायालय ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा था कि आज आप इनके मुकदमे वापस लेने की बात कह रहे हैं और कल इन्हे पद्म पुरस्कार से नवाजेंगे। इसके बाद न्यायालय ने समाजवादी पार्टी को रोका था। सीएम योगी ने कहा कि इस चुनाव में एक तरफ राम भक्त हैं और दूसरी तरफ रामद्रोही। रामद्रोहियों के स्वर भी आपको सुनाई दे रहे होंगे। इनमें कोई कहता है कि राम मंदिर देश के अंदर नहीं बनना चाहिये था। यह कांग्रेस के बुद्धि दाता हैं।

रामद्रोहियों की जमानत करानी है जब्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी कहती है राम मंदिर बेकार बना है। यह बात ये क्या किसी मस्जिद के लिए कह सकते हैं। यह ऐसा नहीं कर सकते हैं क्योंकि इनमें इतनी हिम्मत ही नहीं है। राम मंदिर पर उंगली उठाने वाले ये रामद्रोही हैं। इन लोगों ने राम भक्तों पर भी गोलियां चलाई थी। इनकी यारी भी माफियाओं से है। यह इसके इतर सोचते ही नहीं हैं। यह हमारे महापुरुषों और आराध्य देवों का अपमान करते हैं।

वहीं आज प्रदेश में माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है। यही वजह है कि आज प्रदेश में दंगे नहीं होते हैं, कहीं कर्फ्यू नहीं लगता है। आज अयोध्या में दीपोत्सव, मथुरा वृंदावन में रंगोत्सव, काशी में देव दीपावली धूमधाम से मनायी जा रही है। वहीं कर्फ्यू की जगह भव्य कावड़ यात्रा निकाली जा रही है। सीएम योगी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के चतुर्थ चरण के तहत उन्नाव में आज शाम को बंद प्रचार बंद हो जाएंगे। ऐसे में आपके पास कल तक सोचने का समय है। यह समय देश के लिए दीजिए ताकि मोदी सरकार को वोट दे करके देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने में सहयोगी बन सकें। वहीं रामद्रोहियों की जमानत जब्त करानी है ताकि गरीबों के हक पर डाका न डाला जा सके।

कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य राम चंद्र प्रधान, विधायक आशुतोष शुक्ला, पंकज गुप्ता, ब्रजेश रावत, जिला अध्यक्ष अवधेश कटियार, जिला पंचायत अध्यक्ष सकुन सिंह, लोकसभा प्रभारी सौरभ मिश्रा आदि उपस्थित थे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button