
नयी दिल्ली : चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 102 सीटों के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी की।पहले चरण में 19 अप्रैल को 17 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों की 102 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा।इनमें तमिलनाडु की 33, राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की 8, मध्य प्रदेश की 6, उत्तराखंड, असम और महाराष्ट्र की 5-5, बिहार की 4, पश्चिम बंगाल की 3, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय की 2-2 सीटें और छत्तीसगढ़, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, अनादमन और निकोबार द्वीप समूह, जम्मू और कश्मीर, लक्षद्वीप और पुडुचेरी की एक-एक सीट पर पहले चरण में मतदान होगा।नामांकन इस महीने की 27 तारीख तक भरे जा सकते हैं। मतदान 19 अप्रैल को होगा। लोकसभा की 543 सीटों के लिए आम चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होकर सात चरणों में होंगे। मतगणना 4 जून को होगी।
मध्यप्रदेश में छह लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी
मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत छह संसदीय क्षेत्रों में चुनाव संबंधी अधिसूचना आज जारी होने के साथ ही नामांकनपत्र दाखिले की प्रक्रिया प्रारंभ हो गयी।राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार पहले चरण में सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्रों में चुनाव होगा। अधिसूचना जारी होने के साथ ही अब प्रत्याशी नामांकनपत्र भर सकेंगे।इन छह क्षेत्रों में नामांकनपत्र 27 मार्च तक दाखिल किए जा सकेंगे। इसके अगले दिन 28 मार्च को नामांकनपत्रों की जांच होगी। नाम वापसी की अंतिम तारीख 30 मार्च है। पहले चरण के लिए मतदान 19 अप्रैल को होगा।राज्य में लोकसभा की कुल 29 सीट हैं। पहले चरण में छह सीटों पर चुनाव हो रहा है, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे चरण में क्रमश: सात और आठ-आठ सीटों पर मतदान 26 अप्रैल, सात मई और तेरह मई को होगा।राज्य में लोकसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 29 में से 28 सीटों पर विजय हासिल की थी। इस बार भाजपा छिंदवाड़ा समेत सभी सीटों पर विजय के लक्ष्य के साथ मैदान में है। मतों की गिनती का कार्य चार जून को होगा।
पहले चरण में छत्तीसगढ़ की बस्तर सीट पर नामांकन शुरू
लोकसभा चुनावों के लिए पहले चरण के लिए आज अधिसूचना जारी होने के साथ ही छत्तीसगढ़ की इकलौती सीट बस्तर पर नामांकन प्रकिया शुरू हो गयी।राज्य निर्वाचन अधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि प्रथम चरण के लिए आज अधिसूचना जारी होने के साथ ही प्रथम चरण में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।प्रथम चरण के लिए प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र शासकीय अवकाश दिवस को छोड़कर कार्यालयीन दिवस में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक दाखिल कर सकते हैं।उऩ्होने बताया कि प्रथम चरण लोकसभा निर्वाचन अंतर्गत नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 मार्च है। नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को होगी जबकि 30 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 19 अप्रैल को होंगा।इस सीट पर भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया हैं जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अभी तक प्रत्याशी घोषित नही किया हैं।इस सीट से वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सांसद है।(वार्ता)



